छत्तीसगढ़

कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, नक्सली डंप से हथियार और अन्य सामग्री बरामद

कांकेर। कांकेर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के मोरखण्डी जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद किया है। संयुक्त टीम ने मौके से हथियार, वायरलेस सेट, जीपीएस और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की है।

जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को बीएसएफ, जिला बल और बीडीएस की संयुक्त टीम मोरखण्डी के जंगल में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को एक स्थान पर संदिग्ध गतिविधि का पता चला। इलाके की बारीकी से जांच करने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का खुलासा हुआ। सुरक्षाबलों ने डंप की तलाशी ली तो उसमें 4 भारमार बंदूक, 3 भारमार बंदूक के बैरल, 1 वायरलेस सेट, बिजली वायर के 3 बंडल, 1 जीपीएस, 1 छोटी सोलर प्लेट और 1 चार्जर समेत नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री बरामद हुई। मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीम भी मौजूद रही। टीम ने इलाके की जांच के बाद बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया।

लगातार जारी है सर्चिंग अभियान

पुलिस के मुताबिक, कांकेर के नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। नक्सली डंप की बरामदगी को अभियान के दौरान महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित कैंप लौट गए। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button