उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़ा हादसा: अर्जुनी जंगल में चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़ा हादसा: अर्जुनी जंगल में चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल
धमतरी – छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। यहाँ अर्सीकन्हार रेंज के अर्जुनी जंगल में सुबह-सुबह किसी काम से गए दो ग्रामीणों पर चार भालुओं ने अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सिर और चेहरे पर आईं गंभीर चोटें
जानकारी के मुताबिक, ग्राम ठेनही निवासी दिनेश (पिता आत्माराम नेगी) और मदन (पिता पुना राम नेताम) आज तड़के किसी आवश्यक कार्य से जंगल की ओर गए हुए थे। उसी दौरान वहाँ पहले से मौजूद चार भालुओं ने दोनों पर अचानक धावा बोल दिया। इस हिंसक हमले में दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
वार्ड पंच की सूझबूझ से अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत ठेनही के पंच और स्थानीय निवासी डी.के. यादव ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने दी चेतावनी
इस घटना के बाद से इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल देखा जा रहा है। गौरलतब है कि इस क्षेत्र में पहले भी भालुओं द्वारा इंसानों पर हमले के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए वन विभाग की टीम ने लोगों को पूरी तरह अलर्ट रहने और भालुओं की उपस्थिति वाले जंगलों या क्षेत्रों में न जाने की सख्त अपील की है।


