कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समापन में शामिल हुए लेख राम साहू

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समापन में शामिल हुए लेख राम साहू
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में प्रतिष्ठा बैंक्विट, कृषक नगर जोरा, रायपुर में 20 से 22 सितंबर 2026 तक संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण शिविर में रायपुर संभाग के सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक अभनपुर सत्यनारायण शर्मा, प्रभारी महामंत्री प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ मलकीत सिंह गैदू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धमतरी जिले से पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस दिल्ली लेख राम साहू, बंटी देशमुख, सेवादल अध्यक्ष युगल किशोर पांडे, सेवादल के सदस्य ताम्रकार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए।
शिविर में दीपक बैज ने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर ईमानदारी के साथ संगठन के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं भूपेश बघेल ने प्रशिक्षण शिविर में शामिल सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से पार्टी और संगठन निश्चित रूप से मजबूत होता है।
चरण दास महंत ने विधायकों, जिला पंचायत सदस्यों, जनपद सदस्यों एवं ब्लॉक अध्यक्षों से आपसी तालमेल बनाकर पार्टी के लिए बेहतर सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार्यशैली में गुणवत्ता आएगी।
धनेंद्र साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी संभागों—दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और रायपुर—में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत एवं सशक्त बनाने की दिशा में ये प्रशिक्षण महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी ब्लॉक अध्यक्षों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीजे की धुन के बीच प्रमाण पत्र लेने मंच पर पहुंचे ब्लॉक अध्यक्षों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से उन्हें नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है।
लेख राम साहू ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर से निश्चित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सेवादल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भजन, नाश्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सेवादल की निगरानी में सफलतापूर्वक संचालित की गई। शिविर के समापन पर मलकीत सिंह गैदू ने सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, ब्लॉक अध्यक्षों, मास्टर ट्रेनर्स एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



