छत्तीसगढ़

निगम की कार्रवाई पर बवाल: भाठागांव में अतिक्रमण हटाने गई टीम के साथ मारपीट, कर्मचारी और पुलिस जवान घायल

पुलिस बल ने पहुंचकर संभाला मोर्चा, आरोपियों की हो रही पहचान

रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बन गई, जब सब्जी बाजार हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना उग्र हो गया कि निगम कर्मचारियों के साथ जमकर हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में नगर निगम के 4 से 5 कर्मचारियों के घायल होने की खबर है, वहीं मौके पर व्यवस्था संभालने में जुटे एक पुलिस जवान को भी चोट आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए भारी तनाव का माहौल निर्मित हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर निगम की टीम यातायात और अतिक्रमण की शिकायत पर भाठागांव क्षेत्र में बिना अनुमति लगे सब्जी बाजार को खाली कराने पहुंची थी। निगम कर्मचारियों ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, मौके पर मौजूद व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ उनकी बहस शुरू हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्साए लोगों ने टीम पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

वारदात के बाद आक्रोशित नगर निगम के कर्मचारी अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुरानी बस्ती थाने पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों की मदद से मारपीट में शामिल उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Author Desk

Related Articles

Back to top button