सेवा संकल्प अभियान में दिखी सेवा और सहभागिता की मिसाल, सुभाष नगर व लालबगीचा वार्ड में हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
मेहंदी, रंगोली और व्यंजन प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह; आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का किया गया सम्मान
सेवा संकल्प अभियान में दिखी सेवा और सहभागिता की मिसाल, सुभाष नगर व लालबगीचा वार्ड में हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
मेहंदी, रंगोली और व्यंजन प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह; आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का किया गया सम्मान
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सुभाष नगर एवं लालबगीचा वार्ड के दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों को एक मंच पर जोड़कर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा, सहभागिता और सामाजिक जागरूकता का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन में नगर निगम एल्डरमैन रितिका यादव की प्रमुख भूमिका रही।
कार्यक्रम में दोनों वार्डों की पार्षद हिमानी साहू, पूर्णिमा देवांगन एवं सीमा चौबे अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों के लिए मेहंदी, रंगोली और व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
आयोजन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के योगदान को सराहते हुए उनका सम्मान किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम एल्डरमैन रितिका यादव ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के साथ ही सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने महिलाओं और आंगनबाड़ी से जुड़े कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी उषा किरण चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा विभागीय गतिविधियों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई और योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, महिलाओं, बच्चों एवं वार्डवासियों की सक्रिय सहभागिता रही। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम ने दोनों वार्डों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी सहभागिता, जागरूकता और सेवा भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।



