छत्तीसगढ़

तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल स्थगित होने से सामान्य रहा कामकाज

रायपुर। बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। ऐसे में सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहा है। हड़ताल स्थगित करने का फैसला रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया। बैठक में बैंक यूनियनों की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

बैठक में सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग पर आगे चर्चा के लिए आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों वाली एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। यह समिति सभी विकल्पों और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद इस मुद्दे पर समाधान तलाशेगी।

तीन दिन बैंक बंद रहने का संकट टला

प्रस्तावित हड़ताल के चलते 28, 29 और 30 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद इन दिनों बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज होने की उम्मीद है। सितंबर की छमाही समाप्ति के दौरान हड़ताल टलने से बैंकिंग गतिविधियों में संभावित व्यवधान भी फिलहाल टल गया है। हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुला रखा गया था। रिजर्व बैंक ने शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को संचालन की अनुमति दी थी।

क्या है पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग?

बैंक यूनियन लंबे समय से सभी शनिवार को अवकाश घोषित कर सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रही हैं। वर्तमान व्यवस्था में हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं, जबकि अन्य शनिवार को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती हैं। यूनियनों का प्रस्ताव है कि शनिवार की अतिरिक्त छुट्टी की भरपाई सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना काम के समय में आवश्यक बढ़ोतरी करके की जा सकती है। हालांकि, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इस मुद्दे पर गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति की आगे की बातचीत महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल हड़ताल स्थगित होने से सोमवार से बुधवार तक बैंक शाखाओं के बंद रहने का संकट टल गया है और ग्राहकों को सामान्य बैंकिंग सेवाएं मिलने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button