एसआईआर के विरोध पर कांग्रेस को सांसद संतोष पाण्डेय का जवाब, बोले- देखते हैं ज़ोर कितना बाज़ू-ए-क़ातिल में है

राजनांदगांव। एसआईआर के विरोध में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता चाहे सुखदेव भगत हों, पीएल पुनिया हों या सचिन पायलट, सभी को जनता के हित में होने वाली प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए। संतोष पाण्डेय ने कहा, “देखते हैं ज़ोर कितना बाज़ू-ए-क़ातिल में है।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति कमजोर हो चुकी है और उसे एसआईआर का विरोध करने के बजाय इसमें सहयोग करना चाहिए। सांसद ने कहा कि जो काम 20 साल से नहीं हुआ, वह अब चुनाव आयोग कर रहा है। ऐसे में विपक्ष को एसआईआर में साथ देना चाहिए।
सुखदेव भगत की बैठकों पर भी साधा निशाना
छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत द्वारा लगातार की जा रही बैठकों को लेकर सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस में बैठकों का दौर जारी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुखदेव भगत कितनी भी उठक-बैठक कर लें, सफल नहीं होंगे। सांसद ने सुखदेव भगत से कोल और सट्टा जैसे मुद्दों पर भी जवाब देने को कहा।
वडनगर से राजनांदगांव पहुंचेगी सेवा संकल्प यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर से राजनांदगांव आने वाली यात्रा को लेकर सांसद संतोष पाण्डेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में चार यात्राएं आने वाली हैं। इनमें वडनगर से राजनांदगांव पहुंचने वाली सेवा संकल्प यात्रा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में यात्रा के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और यह एक भव्य यात्रा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इन्वेस्टर कनेक्ट के लिए सिंगापुर दौरे को लेकर भी सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले ही करीब साढ़े 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश को लेकर काम कर चुके हैं। अब सिंगापुर दौरे से भी प्रदेश के लिए सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह प्रयास सभी के लिए अच्छा होगा।



