गणेश विसर्जन झांकी आज: 2000 जवानों की तैनाती, शाम 4 बजे से शराब दुकानें, बार-क्लब बंद, 6 बजे के बाद झांकी रूट पर नो-एंट्री

रायपुर। गणेश उत्सव के समापन पर आज 28 सितंबर को राजधानी रायपुर में निकलने वाली विसर्जन झांकियों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी कर ली है। गणेश विसर्जन के मद्देनजर रायपुर नगर निगम और बिरगांव निगम क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों, बार और क्लब बार को शाम 4 बजे के बाद बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। रायपुर कलेक्टर ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
रात 9 बजे शारदा चौक से निकलेगी झांकी
गणेश विसर्जन झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से रवाना होगी। झांकी जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेवघाट स्थित विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी जुलूस को देखते हुए निर्धारित मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे झांकी मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।
ड्रोन से होगी झांकी रूट की निगरानी
गणेश विसर्जन झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 2000 जवानों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी। झांकी रूट पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई वॉच टॉवर बनाए गए हैं। साथ ही संवेदनशील इलाकों और पूरे झांकी मार्ग पर ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग कर गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी। पुलिस का फोकस झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर रहेगा।
डीजे और साउंड सिस्टम के लिए भी नियम
विसर्जन झांकियों के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर आयोजक समितियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। प्रशासन का उद्देश्य जुलूस को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और आवाजाही बनाए रखना है।
झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता
इस बार गणेश विसर्जन झांकियों के बीच पुरस्कार प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से गणेश उत्सव समितियों की झांकियों का मूल्यांकन कराया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समितियों को क्रमश: 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। ज्यूरी कमेटी झांकी की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन सहित निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन करेगी।
इन वैकल्पिक मार्गों से कर सकेंगे आवागमन
टाटीबंध की ओर से: टाटीबंध–महोबा बाजार–चौबे कॉलोनी–समता कॉलोनी–तेलघानी नाका–रेलवे स्टेशन चौक–फाफाडीह चौक–शास्त्री चौक मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। वैकल्पिक रूप से रिंग रोड नंबर-1–पचपेड़ी नाका मार्ग लिया जा सकता है।
भनपुरी की ओर से: फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन चौक–तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर या फाफाडीह चौक–शास्त्री चौक–कालीबाड़ी–पचपेड़ी नाका मार्ग से आवागमन किया जा सकेगा।
तेलीबांधा की ओर से: तेलीबांधा चौक–शास्त्री चौक–फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक–टिकरापारा चौक–कालीबाड़ी चौक–महिला थाना–शास्त्री चौक–फाफाडीह चौक–रेलवे स्टेशन मार्ग से आवागमन किया जा सकेगा।
इन मार्गों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार–कोतवाली मार्ग पर यातायात पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। गणेश विसर्जन के दौरान प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की टीमें व्यवस्था संभालेंगी। लोगों से जुलूस के दौरान सहयोग करने और सुरक्षा व यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



