भैंसामुड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र का वर्चुअल NQAS असेसमेंट सफल
दिल्ली की केंद्रीय टीम ने व्यवस्थाओं की सराहना की, सेक्टर साँकरा की पूरी टीम की रही अहम भूमिका

भैंसामुड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र का वर्चुअल NQAS असेसमेंट सफल
दिल्ली की केंद्रीय टीम ने व्यवस्थाओं की सराहना की, सेक्टर साँकरा की पूरी टीम की रही अहम भूमिका
नगरी। धमतरी जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसामुड़ा में भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत वर्चुअल असेसमेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दिल्ली से जुड़ी केंद्रीय असेसमेंट टीम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र की स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
केंद्रीय असेसर डॉ. अनामिका सिंह एवं डॉ. दीपक गुप्ता ने लाइव कैमरे के माध्यम से लेबर रूम, ओपीडी, दवा भंडार, टीकाकरण कक्ष, साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम ने रिकॉर्ड संधारण और केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
दो महीने की मेहनत से तैयार हुआ केंद्र
इस उपलब्धि के पीछे सेक्टर प्रभारी डॉ. नरेन्द्र नेताम (सेक्टर साँकरा) के मार्गदर्शन में पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बताया गया कि करीब दो महीने तक टीम ने लगातार मेहनत कर उप स्वास्थ्य केंद्र को NQAS के निर्धारित 8 मानकों के अनुरूप तैयार किया। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ दस्तावेजों और रिकॉर्ड को भी व्यवस्थित किया गया।
असेसमेंट के दौरान मौजूद रही पूरी टीम
वर्चुअल असेसमेंट के दौरान जिला NQAS कार्यक्रम अधिकारी श्वेता चरण, उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसामुड़ा की CHO बिन्देश्वरी, RHO श्री सेन, सिस्टर पूनम शुक्ला, सुपरवाइजर वीएस ध्रुव, LHV सी. कोर्रम सहित संगीता देवांगन, कृति यादव, लिलेश्वरी साहू, रेणुका गोसाई, नोमिता ध्रुव, त्रिवेणी साहू, RHO खिलेश्वर साहू, खेमिन साहू, PADA भूपेन्द्र ध्रुव उपस्थित रहे।
ब्लॉक स्तर से ब्लॉक अकाउंट मैनेजर प्रेम साहू एवं ब्लॉक डाटा मैनेजर हरेन्द्र देवांगन ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
वहीं भैंसामुड़ा क्षेत्र की मितानिन बहनों का भी विशेष सहयोग रहा। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करने और उन्हें उप स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आसपास के गांवों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसामुड़ा से मटिया बहारा, खरखा, खुदुरपानी, चारगांव और भैंसामुड़ा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। NQAS प्रमाणीकरण प्राप्त होने के बाद केंद्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का लाभ भी मिल सकता है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।



