छत्तीसगढ़

कोस्टापारा मे हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, बच्चों को बांटे उपहार

कोस्टापारा मे हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, बच्चों को बांटे उपहार

Oplus_16908288

धमतरी। कोस्टापारा वार्ड में पार्षद संतोष सोनकर के नेतृत्व में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, राष्ट्रीय पोषण माह, स्वच्छता और नशामुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को उपहार वितरित किए गए तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की श्रीमती उषा किरण चंद्राकर ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पोषण आहार, महतारी वंदन योजना, मातृशक्ति वंदन, निराश्रित पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, तीर्थ यात्रा तथा ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की साधना बहन ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प भी लिया।

श्रीमती ममता साहू, उपसंचालक रायपुर ने राष्ट्रीय पोषण माह के उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बच्चों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

कोस्टापारा वार्ड के पार्षद संतोष सोनकर ने ‘मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी’ विषय पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वस्थ बच्चे से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

इस दौरान पार्षद संतोष सोनकर ने बच्चों को खिलौने, फल, बिस्कुट एवं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिन दीदियों को गमछा और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती विभा चंद्राकर ने स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी शपथ दिलाई। अंत में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रुक्मणी सोनकर ने आभार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और समाज में स्वच्छता एवं नशामुक्ति का संदेश देना रहा।

Author Desk

Related Articles

Back to top button