बरसात के बाद अब धरातल पर दिखेंगे सड़कों के काम, लोक निर्माण विभाग ने 6 कार्यों की निविदा को दी मंजूरी
101.24 करोड़ की लागत से सड़कें होंगी चौड़ी और मजबूत, गौरव पथ निर्माण व सौंदर्यीकरण भी होगा

बरसात के बाद अब धरातल पर दिखेंगे सड़कों के काम, लोक निर्माण विभाग ने 6 कार्यों की निविदा को दी मंजूरी
101.24 करोड़ की लागत से सड़कें होंगी चौड़ी और मजबूत, गौरव पथ निर्माण व सौंदर्यीकरण भी होगा
आमदी में फोरलेन गौरव पथ से बढ़ेगी शहरी सुविधा और सुंदरता
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के दिए निर्देश
धमतरी, 6 अक्टूबर 2026। राज्य शासन ने बरसात के बाद सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी पूरी कर ली है। लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में 6 कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इनमें पांच सड़कों के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण तथा आमदी नगर पंचायत में फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने नए कार्यों की निविदा मंजूर करते हुए धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
कई महत्वपूर्ण मार्गों का होगा चौड़ीकरण और मजबूतीकरण
लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में 3.75 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए की निविदा मंजूर की है।
इसी तरह पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर कार्य के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए तथा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर कार्य के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग में 23 किलोमीटर लंबाई के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी गई है।
इसी राज्य मार्ग में पड़ने वाले आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।
विभाग द्वारा इन निविदाओं का अनुमोदन अनुबंध के पूर्व ठेकेदारों से संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त पर किया गया है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को अनुबंधित कार्यों का संपादन एवं पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही किसी भी कार्य को अन्य व्यक्ति या एजेंसी को सबलेट नहीं करने तथा कार्य संपादन के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अनुबंधित समयावधि में सभी कार्यों को पूर्ण करने तथा कार्यों का संपादन अनुबंध के अनुसार प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा में करने को कहा है।
सड़कों के बेहतर होने से आवागमन होगा सुगम
इन सड़क विकास कार्यों के पूरा होने से धमतरी जिले में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन एवं संपर्क सुविधा बेहतर होगी। प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
कृषि उपज, वनोपज एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में भी आसानी होगी। इससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य मार्गों और प्रमुख संपर्क मार्गों के सुदृढ़ होने से धमतरी शहर के साथ कुरूद, नगरी-सिहावा और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
वहीं, धमतरी के प्रमुख पर्यटन स्थलों, विशेषकर गंगरेल, सिहावा और आसपास के प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन क्षेत्रों तक पर्यटकों की आवाजाही भी सुगम होगी। बेहतर सड़क अधोसंरचना से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय होटल, होम-स्टे, परिवहन, खान-पान एवं अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
आमदी में फोरलेन गौरव पथ से बढ़ेगी शहर की सुंदरता
आमदी नगर पंचायत में प्रस्तावित 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ क्षेत्र की पहचान और आकर्षण में भी वृद्धि होगी।
सड़क के विकसित होने से आवागमन अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित होगा तथा नगर के विकास को नई गति मिलेगी। सौंदर्यीकरण कार्य से आमदी के प्रवेश मार्ग और प्रमुख सड़क का स्वरूप भी अधिक आकर्षक बनेगा।
सड़कों के इन कार्यों से जिले में मजबूत और आधुनिक सड़क नेटवर्क तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ेगा। बेहतर सड़कें लोगों की दैनिक आवाजाही को आसान बनाने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन, रोजगार और निवेश की संभावनाओं को भी मजबूत करेंगी। इससे धमतरी जिले के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



