छत्तीसगढ़

शेयर ट्रेडिंग में 4 प्रतिशत मासिक मुनाफे का लालच देकर 3.12 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय की आड़ में निवेशकों को बनाया निशाना, स्टाम्प पेपर पर इकरारनामा और सिक्योरिटी चेक देकर जीता था भरोसा – पुलिस ने दो मोबाइल, टैबलेट और निवेश संबंधी दस्तावेज किए जब्त

शेयर ट्रेडिंग में 4 प्रतिशत मासिक मुनाफे का लालच देकर 3.12 करोड़ की ठगी, मुख्य आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

 

‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय की आड़ में निवेशकों को बनाया निशाना, स्टाम्प पेपर पर इकरारनामा और सिक्योरिटी चेक देकर जीता था भरोसा – पुलिस ने दो मोबाइल, टैबलेट और निवेश संबंधी दस्तावेज किए जब्त

 

धमतरी। शेयर मार्केट में निवेश कर हर महीने 4 प्रतिशत निश्चित मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को धमतरी पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कलेक्ट्रेट रोड धमतरी स्थित अपने ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय के माध्यम से अनेक लोगों को निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया था। अब तक की पुलिस जांच में 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। इस बड़ी कार्रवाई को धमतरी पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार साहू (62 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 13 गुरूर, जिला बालोद ने थाना गुरूर में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला धमतरी सिटी कोतवाली क्षेत्र का होने के कारण प्रकरण की विवेचना धमतरी पुलिस को सौंपी गई। शिकायत के आधार पर आरोपी विक्रम सिंह शाह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 214/2026, धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी विक्रम सिंह शाह कलेक्ट्रेट रोड स्थित ‘वेल्थ ट्रैकर’ कार्यालय के माध्यम से लोगों को शेयर मार्केट एवं ट्रेडिंग ऐप में रकम निवेश करने पर प्रतिमाह 4 प्रतिशत ब्याज अथवा मुनाफा देने का प्रलोभन देता था। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए वह स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत इकरारनामा तैयार करवाता और सुरक्षा के नाम पर बैंक चेक भी देता था। इसी भरोसे में आकर प्रार्थी शिवकुमार साहू और उनके परिजनों ने आरोपी के पास 25 लाख रुपये निवेश किए। शुरुआत में आरोपी ने कुछ महीनों तक मुनाफा देने का भरोसा बनाए रखा, लेकिन बाद में मूलधन और लाभ की राशि लौटाए बिना फरार हो गया।

 

3 करोड़ 12 लाख से अधिक की ठगी, कई परिवारों की गाढ़ी कमाई डूबी

 

पुलिस की विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से अनेक निवेशकों को अपने झांसे में लेकर बड़ी रकम एकत्र की थी। अब तक की जांच में कुल 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की जानकारी सामने आई है। इसमें संगीता सिन्हा से 81 लाख रुपये, अंबिका प्रसाद सोनवानी से 60 लाख रुपये, भूषण सिन्हा से 28 लाख रुपये, चेतन सिन्हा से 16 लाख रुपये तथा प्रभुलाल सिन्हा से 12 लाख रुपये लेने की जानकारी शामिल है। इसके अलावा अन्य निवेशकों की रकम भी आरोपी के पास जमा कराई गई थी।

Oplus_16908288

बताया गया कि आरोपी शुरुआत में कुछ निवेशकों को मामूली मुनाफा देकर उनका विश्वास जीतता था। इसके बाद बड़ी रकम निवेश के नाम पर लेकर वापस नहीं करता था। इस तरह कई लोगों की मेहनत की कमाई आरोपी की ठगी का शिकार बन गई।

 

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से इंदौर में दबोचा गया आरोपी

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी रखी।

 

इसी दौरान आरोपी की लोकेशन मध्यप्रदेश के इंदौर में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। वहां योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी विक्रम सिंह शाह को हिरासत में लिया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

 

मोबाइल, टैबलेट और निवेश से जुड़े दस्तावेज जब्त

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शेयर ट्रेडिंग कार्य में इस्तेमाल किए जाने वाले दो मोबाइल फोन, एक टैबलेट तथा निवेशकों से संबंधित नोटरीकृत इकरारनामा और बैंक चेक जब्त किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि निवेशकों से वसूली गई करोड़ों रुपये की रकम कहां और किन माध्यमों से हस्तांतरित की गई। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य व्यक्तियों की भूमिका, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपी विक्रम सिंह शाह, पिता हरभजन सिंह, उम्र 37 वर्ष, स्थायी निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, हटकेशर, धमतरी तथा वर्तमान निवासी फ्लैट नंबर 708, क्लासिक टॉवर, अमलीडीह, न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।

 

धमतरी पुलिस की निवेशकों से अपील

 

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट, ट्रेडिंग एवं अन्य निवेश योजनाओं में असामान्य रूप से अधिक और निश्चित मासिक मुनाफा देने का दावा करने वाले व्यक्तियों या संस्थाओं के झांसे में न आएं। किसी भी योजना में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें। वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Author Desk

Related Articles

Back to top button