छत्तीसगढ़

सत्ता से सवाल पूछने वाला हर व्यक्ति भाजपा की नजर में अराजक : गौतम वाधवानी

वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाली रैली को बताया लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

सत्ता से सवाल पूछने वाला हर व्यक्ति भाजपा की नजर में अराजक : गौतम वाधवानी

वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा, राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में होने वाली रैली को बताया लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

धमतरी। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौतम वाधवानी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में सत्ता से सवाल पूछने वाले हर व्यक्ति को भाजपा अराजक करार देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना जनता का अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।

गौतम वाधवानी ने कहा कि देशभर में भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ रहा है। विपक्षी इंडिया गठबंधन के तमाम नेता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली आयोजित कर रहे हैं। इसके साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा वर्ग भी चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रहा है। विपक्ष द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग उठाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली के माध्यम से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विपक्ष और युवा वर्ग चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल कर रहे हैं, तब उन्हें अराजक बताना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

वाधवानी ने दिल्ली में युवाओं पर कथित लाठीचार्ज, बिहार में युवाओं के साथ हुई कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग करना कहां का न्याय है? प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके कपड़े फाड़े जाने की घटनाओं पर भी उन्होंने गंभीर सवाल खड़े किए।

उन्होंने मणिपुर हिंसा का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वहां महिलाओं के साथ अमानवीय घटनाएं हुईं और पूरा प्रदेश हिंसा की आग में जल रहा था, तब भाजपा के नेता और कार्यकर्ता कहां थे? चीन की सीमा से जुड़े मुद्दे, भारतीय सैनिकों की सुरक्षा, अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ तथा देश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी उन्होंने केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

गौतम वाधवानी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे पर सवाल उठा रहे हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। आज देश का युवा, जो कभी भाजपा को वोट देता था, वही सरकार से सवाल पूछ रहा है। ऐसे में युवाओं को अराजक कहना उनकी आवाज का अपमान है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली दरअसल वोट चोरी के आरोपों और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश है। देश की जनता अब सरकार की कार्यप्रणाली को समझ चुकी है और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button