राष्ट्रीय

बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोग थे सवार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जोशीमठ के छई गांव के पास हादसे की सूचना, खराब मौसम के बीच ड्रोन से की जा रही तलाश; सीएम धामी ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की लोकेशन जोशीमठ के छई गांव के ऊपर स्थित सेना कैंप के पास मिली है। खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। पायलट से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं हेलीकॉप्टर की स्थिति का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।

सीएम धामी ने दिए रेस्क्यू के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। साथ ही गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। प्रशासन की टीमें लगातार घटनास्थल पर नजर बनाए हुए हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button