छत्तीसगढ़

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा आज, महापौर रामू रोहरा ने नागरिकों से की अधिकाधिक सहभागिता की अपील

गौशाला मैदान से सुबह 10 बजे निकलेगी पदयात्रा, सदर बाजार, घड़ी चौक एवं सिहावा चौक होते हुए शांति वाटिका में होगी विशाल जनसभा

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा आज, महापौर रामू रोहरा ने नागरिकों से की अधिकाधिक सहभागिता की अपील

 

लोकतंत्र की मर्यादा और राष्ट्र की एकता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : महापौर रामू रोहरा

 

गौशाला मैदान से सुबह 10 बजे निकलेगी पदयात्रा, सदर बाजार, घड़ी चौक एवं सिहावा चौक होते हुए शांति वाटिका में होगी विशाल जनसभा

 

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आज धमतरी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं विशाल जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर नगर निगम के महापौर जगदीश रामू रोहरा ने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

 

महापौर रोहरा ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक शक्ति, जनभावनाओं और राष्ट्रीय अस्मिता का आधार है। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करना प्रत्येक जागरूक नागरिक का दायित्व है।

 

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभावनाओं के साथ खड़ी रही है। देश में शांति, सद्भाव और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की एकजुटता आवश्यक है। यह पदयात्रा लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रहित के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगी।

 

महापौर ने बताया कि आज सुबह 10 बजे गौशाला मैदान, बिलाई माता मंदिर के पास से पदयात्रा का शुभारंभ होगा। पदयात्रा सदर बाजार, घड़ी चौक एवं सिहावा चौक होते हुए शांति वाटिका, सिहावा चौक रोड पहुंचेगी। यहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।

 

अंत में महापौर जगदीश रामू रोहरा ने भाजपा के समस्त पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं धमतरी नगर के प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं तथा लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के संकल्प में अपनी सहभागिता निभाएं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button