छत्तीसगढ़

विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में धमतरी में राज्योत्सव-2026 का भव्य आगाज, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की दिखी झलक

राज्य गठन के 26 वर्षों की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया विकास का आधार, जिले की 34 विभूतियों का होगा सम्मान

विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में धमतरी में राज्योत्सव-2026 का भव्य आगाज, छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की दिखी झलक

 

राज्य गठन के 26 वर्षों की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया विकास का आधार, जिले की 34 विभूतियों का होगा सम्मान

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर धमतरी में राज्योत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ एकलव्य खेल मैदान में हुआ। समारोह में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पूरा आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा, गौरवशाली विरासत और विकास की उपलब्धियों के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल एक नए राज्य का गठन नहीं था, बल्कि यह प्रदेशवासियों की पहचान, अस्मिता और विकास के सपनों को साकार करने की ऐतिहासिक पहल थी। उन्होंने राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ।

चंद्राकर ने कहा कि बीते 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, बिजली, उद्योग और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश की यह विकास यात्रा यहां के किसानों, श्रमिकों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के परिश्रम एवं सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

 

केंद्र और राज्य की योजनाएं बन रहीं जनकल्याण का मजबूत आधार

मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों को पक्का मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों को आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, घर-घर स्वच्छ पेयजल के लिए जल जीवन मिशन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आयुष्मान भारत तथा महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। कृषक उन्नति योजना, महतारी वंदन योजना, श्री रामलला दर्शन योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता जैसी योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

धमतरी की पहचान कृषि, पर्यटन और प्राकृतिक संपदा से

 

विधायक चंद्राकर ने धमतरी जिले की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला कृषि परंपरा, जल संसाधन, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। गंगरेल बांध, रविशंकर जलाशय, सिहावा क्षेत्र और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थल पर्यटन की अपार संभावनाएं रखते हैं। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा ग्रामीण क्षेत्रों को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे।

 

उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया। किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी बताया।

 

34 विभूतियों का होगा सम्मान

 

राज्योत्सव समारोह का एक विशेष आकर्षण जिले की 34 प्रतिभाओं एवं विभूतियों का सम्मान रहा। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली इन हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें आदिवासी समाज का उत्थान, चिकित्सा, खेल, शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, उद्यमिता, पर्यटन, लोककला, डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग शामिल हैं। यह सम्मान जिले की प्रतिभाओं और समाज के प्रति उनके योगदान को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा।

 

विभागीय प्रदर्शनी में दिखी विकास और योजनाओं की तस्वीर

मुख्य अतिथि अजय चंद्राकर ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी। चंद्राकर ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकनृत्य और पारंपरिक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन स्थल पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपरा की जीवंत झलक देखने को मिली। उत्साह और उमंग से भरे माहौल में नागरिकों ने राज्योत्सव का आनंद लिया।

 

विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा धमतरी : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा हम सभी के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। धमतरी जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, आवास, पेयजल, कौशल विकास, आधारभूत संरचना और पर्यटन के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। जिले की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

 

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा और महापौर रामू रोहरा ने भी संबोधित किया। उन्होंने राज्य एवं जिले में हो रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।

 

इस अवसर पर सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय, वन मंडलाधिकारी श्रीकृष्ण जाधव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button