छत्तीसगढ़

श्रीराम के आदर्शों से ही हो सकता है आदर्श समाज और राष्ट्र का निर्माण – पंडित राजेश शर्मा

हाटकेश्वर में तीन दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल हुए पंडित राजेश शर्मा, कथावाचक कामता शरण जी से लिया आशीर्वाद; आयोजन समिति और वार्डवासियों के प्रयासों की सराहना की

श्रीराम के आदर्शों से ही हो सकता है आदर्श समाज और राष्ट्र का निर्माण – पंडित राजेश शर्मा

 

हाटकेश्वर में तीन दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल हुए पंडित राजेश शर्मा, कथावाचक कामता शरण जी से लिया आशीर्वाद; आयोजन समिति और वार्डवासियों के प्रयासों की सराहना की

 

धमतरी। हाटकेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय श्रीराम कथा में धर्मप्रेमी समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति स्थायी आमंत्रित सदस्य पंडित राजेश शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री कामता शरण जी के श्रीमुख से भगवान श्रीराम की पावन कथा का श्रवण किया और उनसे भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

इस अवसर पर पंडित राजेश शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन संपूर्ण मानवता के लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन से हमें मर्यादा, त्याग, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की सीख मिलती है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी प्रभु श्रीराम ने धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा। एक आदर्श पुत्र, भाई, पति और राजा के रूप में उन्होंने ऐसे जीवन मूल्य स्थापित किए, जो युगों-युगों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि रामराज्य की अवधारणा केवल एक आदर्श शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि ऐसे समाज की परिकल्पना है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिले, कमजोर और जरूरतमंद को संरक्षण प्राप्त हो तथा प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान की भावना बनी रहे। आज जरूरत है कि हम भगवान श्रीराम के आदर्शों को केवल पूजा-पाठ और विचारों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण और व्यवहार में भी उतारें। श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही एक संस्कारवान समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

 

पंडित राजेश शर्मा ने श्री मारुति सेवा समिति एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हाटकेश्वर में तीन दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन क्षेत्र के लिए सराहनीय पहल है। विशेष रूप से माता-बहनों की श्रद्धा, सक्रिय सहभागिता और समर्पण प्रशंसनीय है। वहीं वार्डवासियों ने जिस एकजुटता, सहयोग और उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाया है, वह सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति सहित समाज के सभी वर्ग मिलकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी निभाते हैं, तो इससे न केवल धार्मिक वातावरण बनता है, बल्कि समाज में संस्कार, एकता और आपसी आत्मीयता भी मजबूत होती है।

 

अंत में पंडित राजेश शर्मा ने श्री मारुति सेवा समिति, आयोजन समिति, समस्त मातृशक्ति एवं वार्डवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button