छत्तीसगढ़

नीमच औषधीय मण्डी की तर्ज पर विकसित होगी धमतरी की वनौषधि मण्डी, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की बनेगी कार्ययोजना

किसानों और लघु वनोपज संग्राहकों को मिलेगा संगठित बाजार, उपज के बेहतर मूल्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहन

नीमच औषधीय मण्डी की तर्ज पर विकसित होगी धमतरी की वनौषधि मण्डी, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की बनेगी कार्ययोजना

 

अधिकारियों के दल ने नीमच मण्डी का किया अध्ययन सह भ्रमण, नीलामी, विपणन, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण एवं प्रसंस्करण की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

किसानों और लघु वनोपज संग्राहकों को मिलेगा संगठित बाजार, उपज के बेहतर मूल्य और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहन

 

धमतरी- जिले में औषधीय फसलों के उत्पादन एवं लघु वनोपज संग्रहण से जुड़े किसानों और संग्राहकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने तथा औषधीय उत्पादों के व्यवस्थित व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में वनौषधि मण्डी धमतरी को आधुनिक एवं आदर्श मण्डी के रूप में विकसित करने की पहल की जा रही है।

इसी उद्देश्य से कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार तथा उप संचालक कृषि, धमतरी के मार्गदर्शन में अधिकारियों के दल ने 17 से 20 नवंबर 2026 तक नीमच (मध्यप्रदेश) स्थित एशिया की प्रमुख औषधीय मण्डियों में शामिल औषधीय मण्डी का अध्ययन सह भ्रमण किया।

 

उल्लेखनीय है कि जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य के औषधीय फसल उत्पादक किसानों तथा लघु वनोपज संग्राहकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर 2026 को नवीन कृषि उपज मण्डी, श्यामतराई, धमतरी में वनौषधि मण्डी का शुभारंभ किया गया है। इस मण्डी की स्थापना का मुख्य उद्देश्य औषधीय फसलों एवं लघु वनोपज के क्रय-विक्रय को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करना, किसानों एवं संग्राहकों को प्रतिस्पर्धात्मक बाजार उपलब्ध कराना तथा उनकी उपज का उचित एवं लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी व्यवस्था विकसित करना है।

नीमच मण्डी की सफल व्यवस्थाओं का किया अध्ययन

 

अध्ययन भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नीमच औषधीय मण्डी में विभिन्न औषधीय एवं कृषि उत्पादों की आवक, संकलन, वर्गीकरण, नीलामी तथा विपणन की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। अश्वगंधा, चिया सीड्स, अकरकरा, सर्पगंधा, कालमेघ, क्विनोआ, अजवाइन, कलौंजी एवं अम्बाड़ी सहित विभिन्न उत्पादों के व्यापारिक स्वरूप और बाजार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। दल ने यह भी समझा कि किस प्रकार व्यवस्थित नीलामी, व्यापारियों की सहभागिता और पारदर्शी क्रय-विक्रय प्रणाली के माध्यम से उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है।

 

मण्डी प्रबंधन एवं व्यापारिक प्रक्रियाओं की ली जानकारी

 

भ्रमण दल ने नीमच मण्डी के सचिव, मण्डी निरीक्षकों, उप निरीक्षकों, व्यापारियों एवं औषधीय फसल उत्पादक किसानों से चर्चा कर मण्डी के दैनिक संचालन, आवक पंजीयन, नीलामी प्रक्रिया, भुगतान व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण तथा व्यापारिक गतिविधियों के प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की। साथ ही मण्डी अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत संचालित व्यवस्थाओं तथा मण्डी के सुचारू संचालन में विभिन्न हितधारकों की भूमिका का भी अध्ययन किया।

किसानों से संवाद के दौरान औषधीय फसलों की खेती के साथ-साथ उपज के सुरक्षित भंडारण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं मूल्यवर्धन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। इससे धमतरी जिले के किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप औषधीय फसलों के उत्पादन एवं विपणन से जोड़ने के लिए उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई।

 

गुणवत्ता परीक्षण, ग्रेडिंग और प्रसंस्करण पर विशेष जोर

 

औषधीय उत्पादों को बेहतर बाजार मूल्य दिलाने में उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता, नमी का स्तर, उचित छंटाई एवं ग्रेडिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसे ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने नीमच मण्डी में उपज की गुणवत्ता जांच, छंटाई, ग्रेडिंग, भंडारण एवं प्रसंस्करण से संबंधित सुविधाओं का भी अवलोकन किया। अध्ययन के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि धमतरी की वनौषधि मण्डी में ऐसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं, जिनसे किसान एवं संग्राहक अपनी उपज को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार कर सकें और बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें।

 

धमतरी वनौषधि मण्डी के आधुनिकीकरण के लिए तैयार होगी कार्ययोजना

 

नीमच भ्रमण से प्राप्त अनुभवों एवं तकनीकी जानकारियों के आधार पर श्यामतराई स्थित वनौषधि मण्डी के चरणबद्ध विकास एवं विस्तार की कार्ययोजना तैयार करने की दिशा में पहल की जाएगी। इसके अंतर्गत मण्डी परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, औषधीय उपज के व्यवस्थित संकलन एवं भंडारण की व्यवस्था, छंटाई एवं ग्रेडिंग केंद्र, गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला तथा प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग संबंधी सुविधाओं के विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार किया गया है।

इसके साथ ही मण्डी में किसानों एवं संग्राहकों को बाजार भाव, खरीदारों की उपलब्धता तथा विपणन संबंधी जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराने, व्यापारियों की सहभागिता बढ़ाने और व्यवस्थित नीलामी प्रणाली विकसित करने की संभावनाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इससे उत्पादकों और खरीदारों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने तथा बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है।

 

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

 

धमतरी की वनौषधि मण्डी को आधुनिक एवं आदर्श स्वरूप प्रदान किए जाने से जिले में औषधीय फसलों की खेती तथा लघु वनोपज के संग्रहण को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। संगठित बाजार उपलब्ध होने से किसानों एवं वनांचल के संग्राहकों को अपनी उपज के विक्रय के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण एवं परिवहन जैसी गतिविधियों के विस्तार से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।

यह पहल धमतरी जिले को औषधीय कृषि एवं वन आधारित उत्पादों के एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। भविष्य में वनौषधि मण्डी को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के बाजारों से जोड़कर स्थानीय उत्पादों की पहचान और मांग बढ़ाने की भी संभावनाएं विकसित होंगी।

अध्ययन सह भ्रमण दल में मनोज सागर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी, धमतरी,  एफ.एल. पटेल, डीपीडी आत्मा तथा  रामजी वैष्णव, मण्डी निरीक्षक शामिल रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button