छत्तीसगढ़

संयम, त्याग और कठोर साधना के पथ पर अग्रसर दीक्षार्थियों को पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने किया नमन, पुष्पवर्षा कर किया सम्मान

कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी धमतरी में निकली भव्य शोभायात्रा, पांच मुमुक्षु भाई-बहनों के सांसारिक जीवन त्यागकर संयम मार्ग अपनाने के संकल्प ने किया सभी को भावविभोर

संयम, त्याग और कठोर साधना के पथ पर अग्रसर दीक्षार्थियों को पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने किया नमन, पुष्पवर्षा कर किया सम्मान

 

कार्तिक पूर्णिमा पर धर्मनगरी धमतरी में निकली भव्य शोभायात्रा, पांच मुमुक्षु भाई-बहनों के सांसारिक जीवन त्यागकर संयम मार्ग अपनाने के संकल्प ने किया सभी को भावविभोर

 

धमतरी। धर्मनगरी धमतरी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर चारों ओर धार्मिक, आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इसी पावन अवसर पर जैन समाज की ओर से संयम, त्याग और कठोर साधना के मार्ग पर अग्रसर पांच दीक्षार्थी भाई-बहनों के सम्मान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इतवारी बाजार स्थित जैन मंदिर से प्रारंभ होकर यह शोभायात्रा बालक चौक स्थित दादाबाड़ी के लिए निकली। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के धर्मप्रेमीजन शामिल हुए और दीक्षार्थियों के त्याग एवं वैराग्य के संकल्प को नमन किया।

सांसारिक जीवन की भौतिक सुख-सुविधाओं, धन-संपत्ति, मोह-माया और पारिवारिक बंधनों का त्याग कर आत्मकल्याण एवं मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर होना सामान्य बात नहीं है। यह दृढ़ संकल्प, आत्मसंयम और कठोर तपस्या का अद्भुत उदाहरण है। दीक्षार्थी आगे चलकर जैन साधु-साध्वी के रूप में अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह जैसे पांच महाव्रतों को अंगीकार कर धर्म, अध्यात्म और आत्मसाधना के कठिन मार्ग पर अपनी जीवन यात्रा समर्पित करेंगे।

 

धर्म एवं आध्यात्म की पारंपरिक धरोहर फिर हुई समृद्ध – राजेंद्र शर्मा

इस पावन शोभायात्रा का नगर निगम के पूर्व सभापति राजेंद्र शर्मा ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने दीक्षार्थी भाई-बहनों को नमन करते हुए उनके त्याग, तपस्या और वैराग्य भाव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

 

इस अवसर पर राजेंद्र शर्मा ने कहा कि धर्मनगरी धमतरी के गौरवशाली धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक इतिहास में यह अवसर एक नया अध्याय जोड़ रहा है। सांसारिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर संयम और साधना का मार्ग चुनना अत्यंत प्रेरणादायी है। ऐसे महान संकल्प हमारी धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं, संस्कारों और संस्कृति को मजबूती प्रदान करते हैं। दीक्षार्थियों का यह त्याग समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने सभी दीक्षार्थियों के उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन एवं तपस्या मार्ग की मंगलकामना की।

 

पांच मुमुक्षु भाई-बहन संयम मार्ग पर बढ़ाएंगे कदम

इस पावन अवसर पर दीक्षा ग्रहण करने जा रहे मुमुक्षुओं का परिचय एवं प्रस्तावित दीक्षा तिथि इस प्रकार है—

 

1. मुमुक्षु सुश्री राखी चोपड़ा (फिंगेश्वर) – वीरपिता श्री निर्मल जी चोपड़ा एवं वीरमाता श्रीमती शोभा जी चोपड़ा की सुपुत्री। इनकी दीक्षा 8 फरवरी 2027 को नमीउण तीर्थ में संपन्न होगी।

 

2. मुमुक्षु सुश्री प्रीति श्रीश्रीमाल (भिलाई) – वीरपिता श्री बंसीलाल जी श्रीश्रीमाल एवं वीरमाता श्रीमती मूलीदेवी श्रीश्रीमाल की सुपुत्री। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

 

3. मुमुक्षु सुश्री दर्शिता जी नाहटा (दल्लीराजहरा) – वीरपिता श्री चन्द्रेश जी नाहटा एवं वीरमाता श्रीमती मीना जी नाहटा की सुपुत्री। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

 

4. मुमुक्षु सुश्री राशि नाहटा – वीरपिता श्री कुशल जी नाहटा एवं वीरमाता श्रीमती पिंकी जी नाहटा की सुपुत्री। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

 

5. मुमुक्षु श्री निपूर्ण बैद (रायपुर) – वीरपिता श्री प्रशांत जी बैद एवं वीरमाता श्रीमती मोहिनी जी बैद के सुपुत्र। इनकी दीक्षा 27 जनवरी 2027 को जयपुर मोहनबाड़ी में संपन्न होगी।

 

धर्मनगरी धमतरी में आयोजित इस पावन शोभायात्रा ने त्याग, तपस्या, वैराग्य और आत्मकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। पांचों मुमुक्षुओं के संयम पथ पर बढ़ते कदमों ने समाज को यह संदेश दिया कि वास्तविक सुख भौतिक संपन्नता में नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, त्याग और आध्यात्मिक साधना में निहित है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button