छत्तीसगढ़

दिव्यांगता को दी चुनौती, हौसलों के दम पर साइकिल से नाप रहे देश की राहें, भखारा में वासु राइडर का हुआ भव्य सम्मान

17 राज्यों में 17 हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुके आगरा के वासु राइडर, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और दिव्यांगजनों के सम्मान का दे रहे संदेश

दिव्यांगता को दी चुनौती, हौसलों के दम पर साइकिल से नाप रहे देश की राहें, भखारा में वासु राइडर का हुआ भव्य सम्मान

 

17 राज्यों में 17 हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर चुके आगरा के वासु राइडर, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और दिव्यांगजनों के सम्मान का दे रहे संदेश

 

भखारा। कहते हैं कि हौसले बुलंद हों तो मंजिल तक पहुंचने से कोई भी मुश्किल नहीं रोक सकती। इस कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी वासु राइडर, जिन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों को कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बना लिया है। करीब 55 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद साइकिल से देश भ्रमण पर निकले वासु राइडर अब तक 17 राज्यों में 17 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उनका यह सफर केवल दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने की एक अनूठी पहल है।

 

अपनी अखिल भारतीय साइकिल यात्रा के दौरान 23 नवंबर को धमतरी होते हुए भखारा पहुंचे वासु राइडर का जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों ने आत्मीय स्वागत कर शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। जन्म से ही दोनों हाथों और पैरों की उंगलियां नहीं होने के बावजूद वासु प्रतिदिन लगभग 100 से 150 किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। साइकिल पर तिरंगा लेकर निकले वासु का संकल्प पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, नशामुक्ति और दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

संघर्षों से निकला संकल्प, स्टीफन हॉकिंग से मिली प्रेरणा

वासु राइडर ने बताया कि बचपन से ही उन्हें शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं होने दिया। सेना और पुलिस में जाने की इच्छा पूरी नहीं हो सकी तो उन्होंने समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अलग रास्ता चुना। महान वैज्ञानिक स्टीफन विलियम हॉकिंग के संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर जून 2025 में उन्होंने इस अनूठे अभियान की शुरुआत की।

 

वे अपनी यात्रा के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दे रहे हैं। उनका मानना है कि समाज और देश में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से और अपने घर-गांव से होनी चाहिए।

 

जनप्रतिनिधियों ने शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मान

धमतरी से भखारा पहुंचे वासु राइडर का विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू एवं सभापति छबीलाल निर्मलकर सहित स्थानीय नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था गौतम जैन द्वारा की गई।

 

उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद हजारों किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर समाज को जागरूक करने का उनका प्रयास हर किसी के लिए प्रेरणास्रोत है। वासु राइडर ने अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति से साबित किया है कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा, क्षमता और सपनों की राह में बाधा नहीं बन सकती।

 

छत्तीसगढ़ के बाद झारखंड की ओर बढ़ेंगे कदम

 

वासु राइडर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बाद उनका अगला पड़ाव झारखंड होगा। इसके पश्चात बिहार, तिब्बत, श्रीलंका सहित अन्य स्थानों तक यात्रा करने की योजना है। भखारा में सम्मान और आत्मीय स्वागत से अभिभूत वासु राइडर मंगलवार को रायपुर की ओर रवाना हुए।

 

हरख जैन ने की पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति की अपील

 

इस अवसर पर हरख जैन ने कहा कि वासु राइडर का साहस, संघर्ष और संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अंचल के युवाओं एवं नागरिकों से वासु की यात्रा से प्रेरणा लेकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने की अपील की।

 

उन्होंने कहा कि वासु राइडर का यह सफर केवल साइकिल से तय की जा रही हजारों किलोमीटर की दूरी नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच की एक मिसाल है। उनका जीवन संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि मन में कुछ कर गुजरने का दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी चुनौती सफलता की राह नहीं रोक सकती। निश्चित रूप से वासु राइडर का यह अभियान समाज में नई ऊर्जा, प्रेरणा और आत्मविश्वास का संचार कर रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button