छत्तीसगढ़

कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में बनेगा शेड, परिसर में होगा पेवर निर्माण, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

नगरी प्रवास के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंदिर का किया निरीक्षण, समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से चर्चा कर दिए आवश्यक निर्देश

कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में बनेगा शेड, परिसर में होगा पेवर निर्माण, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

नगरी प्रवास के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंदिर का किया निरीक्षण, समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों से चर्चा कर दिए आवश्यक निर्देश

धमतरी। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था के केंद्रों में शामिल कुम्हड़ाईन दाई मंदिर में अब श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मंदिर परिसर में शेड निर्माण के साथ पेवर लगाने का कार्य कराया जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान ग्राम कुम्हड़ा स्थित प्रसिद्ध कुम्हड़ाईन दाई मंदिर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों के साथ बैठक कर मंदिर के विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धार्मिक आयोजनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने बताया कि कुम्हड़ाईन दाई मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक एवं आस्थागत स्थल है। यहां प्रतिवर्ष दो बार मेले का आयोजन होता है, जिसमें धमतरी जिले के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले के दौरान मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।

समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में शेड निर्माण की आवश्यकता बताई, ताकि मेले, भंडारे एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से राहत मिल सके तथा बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो।

इस पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सकारात्मक पहल करते हुए मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर कार्य कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय धार्मिक परंपराओं एवं आयोजनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रस्तावित निर्माण कार्यों से मंदिर परिसर अधिक सुव्यवस्थित होगा। साथ ही मेले एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को बैठने और आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, एसडीएम नगरी मरकाम, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विमल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button