संविधान गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को रंजना साहू ने दिया आमंत्रण
26 नवंबर को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि

संविधान गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को रंजना साहू ने दिया आमंत्रण
26 नवंबर को रायपुर के शहीद स्मारक भवन में होगा भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर। संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें संविधान गौरव दिवस के आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। भारतीय संविधान के गौरव, मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान में 26 नवंबर 2026, गुरुवार को अपराह्न 3:30 बजे रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान रंजना साहू ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी एवं राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडेय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश संयोजक रंजना साहू ने कहा कि संविधान हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का महान संदेश दिया है। संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों का आधार है।
उन्होंने कहा कि संविधान गौरव दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी को संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।



