छत्तीसगढ़

जंगल की चुनौतियों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे तक पहुंचे वरुण जैन, NIA में SP की मिली अहम जिम्मेदारी

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक जल्द होंगे कार्यमुक्त, प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में देंगे ज्वाइनिंग

जंगल की चुनौतियों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे तक पहुंचे वरुण जैन, NIA में SP की मिली अहम जिम्मेदारी

 

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक जल्द होंगे कार्यमुक्त, प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली में देंगे ज्वाइनिंग

 

वन संरक्षण, अतिक्रमण हटाने और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर अपने कार्यकाल में रहे सक्रिय, तन्मय कौशिक हो सकते हैं नए उपनिदेशक

 

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन को एक नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। 2017 बैच के आईएफएस अधिकारी वरुण जैन को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर प्रतिनियुक्ति की मंजूरी मिल गई है। वर्तमान जिम्मेदारी से कार्यमुक्त होने के बाद वे जल्द ही दिल्ली रवाना होंगे और वहां ज्वाइनिंग के पश्चात प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद देश में कहीं भी उनकी पदस्थापना हो सकती है।

 

करीब पौने पांच वर्षों तक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक के रूप में कार्य करते हुए वरुण जैन ने अपनी सक्रिय कार्यशैली, सख्त प्रशासनिक फैसलों और वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता से अलग पहचान बनाई। उनका कार्यक्षेत्र सामान्य वन क्षेत्र नहीं, बल्कि जैव विविधता, दुर्लभ वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत से समृद्ध ऐसा इलाका है, जहां नक्सल प्रभावित परिस्थितियों और अंतरराज्यीय सीमाओं की चुनौतियों के बीच वन संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना आसान नहीं है।

 

वन संरक्षण और अतिक्रमण के खिलाफ अपनाया सख्त रुख

 

वरुण जैन के कार्यकाल में वनभूमि से अतिक्रमण हटाने, वन अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा ड्रोन और सैटेलाइट जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। जंगलों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने कई प्रयास किए।

 

बाघों के विचरण और संरक्षण के लिए कॉरिडोर विकसित करने, हाथियों के आवागमन मार्ग को व्यवस्थित करने तथा विलुप्ति की कगार पर पहुंच रहे पक्षियों एवं अन्य वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में भी उनकी सक्रियता रही। विभागीय कर्मचारियों के साथ खड़े रहना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी निभाना उनकी कार्यशैली की खासियत रही।

 

जंगल की चुनौतियों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे तक

 

राष्ट्रीय जांच एजेंसी जैसी प्रतिष्ठित केंद्रीय संस्था में पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रतिनियुक्ति मिलना उनके प्रशासनिक करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। NIA की ओर से 9 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति प्रस्ताव के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कार्यालय ने 19 नवंबर 2026 को शासन को पत्र लिखकर उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की है।

 

प्रखर समाचार से चर्चा के दौरान वरुण जैन ने अपने कार्यकाल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यहां का समय काफी अनुभवपूर्ण और चुनौतीपूर्ण रहा। जंगल और वन्यजीवों को संरक्षित रखने के लिए उन्होंने अपने स्तर पर पूरा प्रयास किया। नए उपनिदेशक के आने के बाद वे यहां से कार्यमुक्त हो जाएंगे। दिल्ली में ज्वाइनिंग के बाद कुछ दिनों तक प्रशिक्षण होगा, जिसके बाद देश में कहीं भी उनकी पोस्टिंग हो सकती है।

 

तन्मय कौशिक हो सकते हैं नए उपनिदेशक

 

वरुण जैन के दिल्ली जाने की तैयारी के बीच उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में नए उपनिदेशक की नियुक्ति को लेकर भी प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को प्रस्ताव भेजकर मुंगेली के वर्तमान वनमंडलाधिकारी (DFO) तन्मय कौशिक को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का नया उपनिदेशक नियुक्त करने का अनुरोध किया है। हालांकि इस संबंध में शासन का अंतिम निर्णय आना बाकी है।

 

वरुण जैन की नई जिम्मेदारी जहां उनके प्रशासनिक सफर का नया अध्याय होगी, वहीं उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में उनके कार्यकाल के दौरान किए गए वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रयास लंबे समय तक याद किए जाएंगे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button