छत्तीसगढ़

महादेव एप केस में ईडी की दिल्ली-रायपुर-धमतरी समेत कई शहरों में छापेमारी

जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक के घर भी पहुंची टीम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कई इलाकों में दबिश दी है। रायपुर, भिलाई और धमतरी में ईडी की कार्रवाई जारी होने की जानकारी सामने आई है। रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में भी ईडी की टीम ने दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक, जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर कार्यरत राजेन्द्र सिंह के घर भी ईडी की टीम पहुंची है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बैटिंग एवं सट्टा एप से जुड़े मामले में की जा रही है। फिलहाल ईडी की टीम अलग-अलग ठिकानों पर जांच कर रही है। छापेमारी में क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दिल्ली में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े परिसरों की तलाशी ली है। जांच के दायरे में पिता-पुत्र से जुड़ी नौ कंपनियां भी हैं। ईडी को आशंका है कि महादेव सट्टा कारोबार से अर्जित करोड़ों रुपये इन कारोबारी नेटवर्क के जरिए रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश किए गए हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। ईडी अब यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टे से अर्जित धन किन व्यक्तियों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजा गया तथा उसका इस्तेमाल किन कारोबारों और संपत्तियों में किया गया। जांच एजेंसी की पड़ताल अब सट्टे के नेटवर्क से आगे बढक़र उससे जुड़े कारोबारी संबंधों, कंपनियों और संपत्तियों तक पहुंच गई है।

जोरबाग से खान मार्केट तक कई ठिकानों पर तलाशी

कार्रवाई के दौरान ईडी की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो मकानों, नंबर 149 और 152, की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की भी जांच की गई। राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मिले वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों के दस्तावेज और संपत्तियों से संबंधित कागजात की जांच की जा रही है।

सौरभ चंद्राकर की दुबई शादी में कैटरिंग से जुड़े थे राहुल मक्कर

इस मामले में दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर की भूमिका भी जांच के दायरे में है। मक्कर एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के संस्थापक हैं, जिसका कारोबार भारत के अलावा दुबई और बाली में भी फैला हुआ है। ईडी के अनुसार, वर्ष 2023 में संयुक्त अरब अमीरात में सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी के दौरान कैटरिंग की जिम्मेदारी इसी कंपनी ने संभाली थी। जांच एजेंसी अब राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी एवं वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। विकास छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और कथित तौर पर सट्टे से अर्जित रकम के वित्तीय प्रबंधन से जुड़ा अहम व्यक्ति बताया जाता है। ईडी यह जांच कर रही है कि इन कारोबारी संबंधों के माध्यम से सट्टे की रकम को विभिन्न व्यवसायों में निवेश किया गया था या नहीं।

दुबई के रियल एस्टेट कारोबार में निवेश की आशंका

ईडी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर के कारोबारी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। दोनों दुबई में एम्पायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज एलएलसी से जुड़े हैं। शेली ग्रोवर इस कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बताए जाते हैं। उन्हें दुबई के रियल एस्टेट कारोबार में एक दशक से अधिक का अनुभव है। भारत में भी शेली ग्रोवर का रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और मनोरंजन क्षेत्र से जुड़ी नौ कंपनियों में निदेशक के रूप में जुड़ाव बताया गया है। वहीं उनके बेटे माधव ग्रोवर दुबई में रियल एस्टेट एजेंट, निदेशक और पोर्टफोलियो मैनेजर के रूप में काम करते हैं। उनका काम आवासीय, व्यावसायिक और निर्माणाधीन संपत्तियों में निवेश से जुड़ा है। ईडी को आशंका है कि महादेव ऑनलाइन सट्टा कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल दुबई के प्रॉपर्टी कारोबार में किया गया हो सकता है। एजेंसी भारत और दुबई में फैले ग्रोवर परिवार के कारोबारी नेटवर्क से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

सट्टे की रकम किन कारोबारों में लगी, इसकी पड़ताल जारी

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ईडी अब कथित अवैध कमाई के लेनदेन, निवेश और संपत्तियों के नेटवर्क को खंगाल रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सट्टे से अर्जित रकम किन कंपनियों और व्यक्तियों के माध्यम से आगे पहुंचाई गई तथा उसका इस्तेमाल रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और अन्य कारोबारी क्षेत्रों में किस तरह किया गया। फिलहाल संबंधित व्यक्तियों और कंपनियों के खिलाफ लगाए गए आरोप जांच के दायरे में हैं। छापेमारी और दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही वित्तीय लेनदेन तथा कथित निवेश से जुड़े तथ्यों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button