शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले बांग्लादेश में कार्रवाई तेज

पूर्व अधिकारियों समेत 3 गिरफ्तार
ढाका। बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच तारिक रहमान सरकार ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार तडक़े ढाका के धनमंडी-27 इलाके से पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सचिव केएम सखावत मून, पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और आयकर वकील सूफी मोहम्मद अल मामून को गिरफ्तार किया गया।
सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, तीनों को पहले सत्ताधारी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने हिरासत में लिया और बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।
यह कार्रवाई शेख हसीना की 16 दिसंबर को संभावित बांग्लादेश वापसी की चर्चाओं के बीच हुई है। देश में बढ़ती हिंसक घटनाओं को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और सीमा सुरक्षा बल की 108 प्लाटून तैनात की हैं। इनमें 56 प्लाटून हसीना के गृह जिले गोपालगंज में लगाई गई हैं।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद शेख हसीना भारत में रह रही हैं। उन्हें बांग्लादेश में एक विशेष ट्रिब्यूनल ने उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई है। बांग्लादेश ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है, जिस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।



