छत्तीसगढ़

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख की साइबर ठगी, आंध्रप्रदेश से अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की दी थी धमकी, ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल जब्त

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख की साइबर ठगी, आंध्रप्रदेश से अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

 

डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की दी थी धमकी, ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल जब्त

 

धमतरी। फर्जी CBI अधिकारी बनकर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 13 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को धमतरी पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ठगी की रकम से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मगरलोड पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

 

फोन पर खुद को बताया CBI अधिकारी, केस खत्म करने के नाम पर मांगे पैसे

 

पुलिस के अनुसार, घटना 21 अगस्त 2025 की है। शाम करीब 4:15 से 4:20 बजे के बीच प्रार्थी के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताते हुए मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी दी। केस रफा-दफा करने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा कराने का दबाव बनाया।

 

आरोपी की धमकियों से घबराकर प्रार्थी ने RTGS के माध्यम से दो अलग-अलग बैंक खातों में पहले 5 लाख 30 हजार और फिर 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 13 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई। इसके बाद भी जब आरोपी ने और पैसों की मांग की, तब प्रार्थी को ठगी का अहसास हुआ और उसने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई।

 

बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची आरोपी तक पुलिस

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(घ) आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची थी, वह आंध्रप्रदेश के कडपा जिले के निवासी शेक घोष बासा के नाम पर था।

 

इसके बाद धमतरी पुलिस की टीम आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी के निवास पर वैधानिक नोटिस तामील कराया। पूछताछ के लिए उसे थाना मगरलोड बुलाया गया। गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के दौरान आरोपी ने ठगी की रकम प्राप्त करने तथा उससे वीवो कंपनी का मोबाइल खरीदने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन ई-साक्ष्य सहित जब्त कर लिया।

 

32 वर्षीय आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेक घोष बासा (32 वर्ष), पिता नजीर बासा, निवासी रायचोटी, मेघारा स्ट्रीट, हाउस नंबर 13/175, थाना रायचोटी, जिला कडपा, आंध्रप्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से 11 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस अब इस साइबर ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और ठगी की शेष रकम के संबंध में जांच कर रही है।

 

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान

 

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति खुद को CBI, पुलिस, ED या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी अथवा मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दे तो घबराएं नहीं। कोई भी जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही केस खत्म करने के नाम पर बैंक खाते में पैसे जमा कराने को कहती है।

 

पुलिस ने नागरिकों से OTP, PIN और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा संदिग्ध कॉल पर किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी थाने में सूचना देने की सलाह दी गई है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button