राजस्थान में आज नहीं होगा भजनलाल मंत्रिमंडल का विस्तार

जयपुर। राजस्थान में तीन दिसंबर को चुनावी नतीजे आने के बाद से शुरू हुआ असमंजस का दौर 27 दिसंबर तक थमने का नाम नहीं ले रहा। तीन दिसंबर को नतीजों के साथ शुरू हुआ दौर, जिसमें मुख्यमंत्री कौन बनेगा के साथ शुरू हुईं अटकलें आज भी जारी हैं।
रोजाना एक नई तारीख के साथ दिन की शुरूआत होती है और दिन खत्म होते-होते एक और नई तारीख पर अटकलें शुरू हो जाती हैं। इतना ही इन अटकलों में रोज नए नाम भी जुड़ जाते हैं, जिनके कारण मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो पा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार के लिए बुधवार का दिन फाइनल माना जा रहा था, परंतु मुख्यमंत्री के आज के कार्यक्रम बताते हैं कि विस्तार की आज भी कोई संभावना नहीं है। दरअसल मुख्यमंत्री आज प्रधानमंत्री की विकसित भारत संकल्प यात्रा की वीसी में शामिल होंगे। सभी विधायकों को भी अपने क्षेत्र में रहकर वीसी से जुड़ने को कहा गया है। वीसी के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल टोंक के मालपुरा जाएंगे और विकसित भारत यात्रा का अवलोकन कर लाभार्थी से वार्तालाप करेंगे और शाम चार बजे जयपुर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम से स्पष्ट है कि आज मंत्रिमंडल विस्तार का कोई कार्यक्रम नहीं होने वाला है।



