छत्तीसगढ़राजनीति

मंत्री केदार कश्यप ने अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों पर कलेक्टर को कार्रवाई के दिए निर्देश, कहा भू-माफियाओं की खैर नहीं

मंत्री केदार कश्यप ने अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों पर कलेक्टर को कार्रवाई के दिए निर्देश, कहा भू-माफियाओं की खैर नहीं

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में वनमंत्री केदार कश्यप से भेंट करने पहुंचे भाजपा परिवारजनों के समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ। उन्होंने बताया कि हमारे कार्यकर्ता हमारे अपने परिवार के लोग हैं। जिन समस्याओं का निराकरण फोन के माध्यम से तत्काल संभव था, ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवेदन उन्हें वाट्सएप के माध्यम से कार्रवाई और निराकरण के लिए भेज दिया गया। बाकी अन्य आवेदनों पर पत्राचार के माध्यम से संबंधित विभाग औऱ अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सहयोग केंद्र समस्याओं के निराकरण के लिए ही शुरू किया गया है। हमारा प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक मामलों में हम त्वरित समाधान दें।

अवैध प्लॉटिंग पर कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश

प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने अवैध प्लॉटिंग की शिकायत पर रायपुर कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अवैध कब्जा और प्लाटिंग को लेकर मंत्री ने कहा कि भूमाफियाओं का हौसला कांग्रेस शासन में बुलंद हुआ था। ऐसे भू-माफियाओं पर लगाम कसने का कार्य भाजपा शासन में होने लगा है। जितनी शिकायतें अवैध कब्जे और अवैध निर्माण के आएं हैं, ऐसे निर्माणों पर तत्काल रोक लगाकर बुलडोजर कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है। प्रभारी मंत्री कश्यप ने कहा कि राजधानी रायपुर को विकसित करने की योजना भाजपा ने बनाई है। सुव्यवस्थित तरीक़े से राजधानी को संवारने की दिशा में हम आगे बढ़ेंगे। इसलिए यह आवश्यक है कि राजधानी में हो रहे अवैध प्लॉटिंग और निर्माणों पर रोक लगे।

सहयोग केंद्र में समस्याओं के निराकरण से परिवारजनों में संतुष्टि

प्रदेश भाजपा के इस नए पहल का लाभ ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को मिल रहा है। सहयोग केंद्र प्रभारी रूपनारायण सिन्हा ने बताया कि इस नए पहल से परिवारजनों के समस्याओं का जल्द निराकरण हो रहा है। तत्काल निराकरण मिलने से कार्यकर्ताओं में संतुष्टि है। उन्होंने बताया कि अब परिवारजनों को अपने कार्यों के समाधान के लिए कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं है। सभी समस्याओं का समाधान सहयोग केंद्र के माध्यम से हो रहा है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button