छत्तीसगढ़

जांजगीर में दिनदहाड़े बड़ी लूट, महिला को बंधक बनाकर लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े नकाबपोश बदमाश

वारदात के बाद SP का बड़ा एक्शन, ASP के नेतृत्व में 8 सदस्यीय जांच टीम गठित; आरोपियों की तलाश तेज

\जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटने का मामला सामने आया है। वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की है। टीम को जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
घर में अकेली महिला को बनाया निशाना
घटना अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 की है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे गमछे से चेहरा ढके दो नकाबपोश युवक घर में घुस गए। बताया गया कि महिला उस समय घर में अकेली थी। छत पर आहट सुनकर जब वह बाहर निकली तो दोनों युवक दिखाई दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरदस्ती कमरे में ले जाकर अलमारी की चाबी मांगी।
मारपीट कर जेवर और नकदी लेकर फरार
महिला के पास अलमारी की चाबी नहीं होने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नकद लेकर दोनों आरोपी साइकिल से फरार हो गए।
ASP के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम गठित
मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई है। इसमें नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम सहित जांजगीर, नैला, चांपा और बलौदा के थाना प्रभारियों तथा साइबर थाना प्रभारी और पुलिस सहायता केंद्र करही के अधिकारी को शामिल किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटनास्थल और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Author Desk

Related Articles

Back to top button