सोरिद वार्ड के शराब दुकान को हटाने महिलाओं का प्रदर्शन, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

धमतरी(प्रखर) सोरिद वार्ड में नेशनल हाईवे में काली मंदिर के आगे संचालित देसी शराब दुकान को हटाने वार्ड की महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। सीधे-सीधे चेतावनी दी है कि यदि इसे कुछ दिनों में नहीं हटाया गया तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
नवागांव वार्ड में संचालित देसी शराब दुकान को वहां विरोध के बाद नेशनल हाईवे में सोरिद वार्ड में संचालित किया जा रहा है। जिसे हटाने वार्ड के लोग लगातार लगे हुए हैं।सितंबर 2023 में इस संबंध में जनदर्शन में आवेदन दिया था।इसके बाद अक्टूबर में पुनः आवेदन देकर विधानसभा चुनाव की बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों की समझाइश के बाद वार्ड वासी शांत हुए थे। लेकिन अब तक नहीं हटा देख शनिवार को शराब दुकान के सामने महिलाओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने बताया कि शराब दुकान की वजह से परेशानी हो रही है। शाम होते ही घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। दुकान के पास ही रहने वाली महिलाओं ने बताया कि शाम होती ही दरवाजा बंद करना पड़ता है। घर के सामने ही लोग पीने के लिए बैठ जाते हैं। गाली गलौज कर मारपीट की भी नौबत आ जाती है।बच्चों का निकलना दुभर हो गया है। लड़कियों को हमेशा खतरा बना रहता है। बताया गया कि यहां पर अवैध रूप से खोमचा भी संचालित किया जाता है।महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इसे कुछ दिनों में नहीं हटाया गया तो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। पार्षद रितेश नेताम ने कहा कि इसे हटाने के लिए आवेदन दिया जा चुका है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के दौरान शामिल महिलाओं में कांति साहू, नीरा साहू,होमिन सिन्हा, किरण साहू, पितर बाई चंद्राकर, राधा सिन्हा, महालक्ष्मी बघेल, अर्पणा जाधव, बबीता वाल्टर, मिथिलेश लाल,सुगम साहू, गीता बांडे,भुवनेश्वरी ध्रुव, कृतिका शर्मा, दीपिका ठाकुर,उर्मिला नेताम, लक्ष्मी सिन्हा,काजल साहू, सुशीला सिन्हा, नेहा देवांगन आदि थे।