राष्ट्रीय

6 बच्चों का शिकार करने वाला आदमखोर भेड़िया पकड़ाया, यूपी के बहराइच में एक महीने से मचा रखा था आतंक

6 बच्चों का शिकार करने वाला आदमखोर भेड़िया पकड़ाया, यूपी के बहराइच में एक महीने से मचा रखा था आतंक

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच में वन विभाग की टीम ने आदमखोर भेड़िये को पकड़ लिया है। इस भेड़िये के पकड़े जाने से बहराइच के लोगों ने राहत की सांस ली है। आदमखोर भेड़िये ने डेढ़ महीने के अंदर छह बच्चों को अपना शिकार बनाया था। महसी क्षेत्र के कुलैला गांव में भेड़िया जाल में कैद हुआ। इस भेड़िये ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक और बच्चे को अपना शिकार बनाया था। इसके साथ ही तीन अन्य बच्चों को घायल कर दिया था। इससे पहले भी तीन भेड़िये पकड़े जा चुके हैं, लेकिन गांव के लोगों का कहना है कि आदमखोर भेड़ियों की संख्या एक दर्जन के करीब है। पिछले डेढ माह के भीतर पांच बच्चे भेड़ियों के हमले का शिकार हो चुके हैं।

वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले किया शिकार
वन विभाग के अधिकारी के अनुसार, सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात भेड़ियों ने हमला करके एक गांव के तीन बच्चों को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए टीम जब तक वहां पहुंचती तब तक दूसरे गांव पहुंच चुके भेड़िए ने पांच वर्षीय एक और बच्चे को अपना निवाला बना लिया था। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अजीत प्रताप सिंह ने मंगलवार को कहा था, “महसी तहसील के हरदी थाना क्षेत्र में हमारी कई टीम दो दर्जन से अधिक गांवों में लगातार दिन-रात गश्त पर हैं। इस बीच बीती रात खबर मिली कि खैरीघाट थानाक्षेत्र के छत्तरपुर ग्राम पंचायत के तीन, छह एवं नौ साल के तीन बच्चों पर भेड़ियों ने हमला कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों की मुस्तैदी से बच्चों को बचा लिया गया।”

छह बच्चों की हुई मौत
अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि टीम जब तक वहां पहुंचती तब तक हमलावर जानवर वहां से पास के गांव ग्राम पंचायत रायपुर के मजरा दीवानपुरवा पहुंच गया और अपने माता-पिता के साथ सो रहे अयांश (पांच) पुत्र सजन को उठा ले गया। उन्होंने बताया कि तलाश शुरू हुई तो मंगलवार तड़के नजदीक के एक खेत से अयांश का करीब 40 से 50 प्रतिशत खाया गया शव बरामद किया गया। डीएफओ ने बताया, ‘‘शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।’’ उन्होंने बताया कि बीते डेढ़ माह में इन हमलों से अब तक छः बच्चों की मौत हो चुकी है।

 

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button