नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव का आगाज़ हो चुका है और पहले चरण में भाजपा प्रत्याशी, कांग्रेस प्रत्याशियो को एक बार फिर पटखनी देकर चुनाव में फतह हासिल कर लिए है। प्रथम दौर के त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में 160 जिला पंचायत की सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के 108 और भाजपा समर्थित 17 निर्दलीय (कुल 125) प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा का झण्डा फहरेगा और फिर केन्द्र व राज्य में डबल इंजन की सरकार के बाद निकायों और पंचायतों में ट्रिपल इंजन की सरकार विकास कार्य तीव्र गति से करेगी। हमारी पार्टी इसके लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सौम्य चेहरा, मोदी की गारंटी पर जनता का भरोसा और राज्य में सुशासन की बयार की वजह से जनता का समर्थन भाजपा को लगातार मिल रहा है।
पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने भाजपा की प्रदेश सरकार के 13 महीने के कार्यकाल में हुए कामों की चर्चा करते हुए कहा कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास बनने की प्रक्रिया की शुरूआत हो गई है। 6 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास का पैसा दे दिया गया है। प्रदेश के 15.50 लाख किसानों को धान के बकाया बोनस का भुगतान सरकार बनते ही कर दिया गया। छत्तीसगढ़ में साय सरकार में महिला शक्तिकरण पर जोर देते हुए 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दे रही है। 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषि मजदूरों को 10 हजार रुपए सालाना दिया जा रहा है। आदिवासी अंचलों में 12 लाख लोगों से 5500 रुपए में तेंदूपत्ता की खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक जनता को प्रदेश की भाजपा सरकार की किसी न किसी योजना का लाभ रहा है। अपने काम और घोषणापत्र में व्यक्त संकल्पों की पूर्ति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता ने प्रदेश के शहरों-नगरों के साथ ही गाँव-गाँव में भाजपा के प्रति अगाध विश्वास पैदा किया है और अब त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में भी भाजपा को भरपूर जन-आशीर्वाद मिल रहा है। विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है।
पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने ग्राम और ग्रामों के विकास व कल्याण के लिए छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा कर कहा कि प्रदेश के अन्नदाता किसानों के कल्याण और उनकी समृद्धि के लिए अनेक क्रांतिकारी कदम उठाए। अन्नदाता किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। छत्तीसगढ़ का किसान अब खाने-कमाने के साथ ही खजाने के लिए भी खेती-बाड़ी कर रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के प्रति संवेदनशील साय-सरकार ने फिर से चरण पादुका वितरित करने का निर्णय क्रियान्वित किया, जिसे कांग्रेस की पिछली भूपेश सरकार ने बंद करके अपने घोर आदिवासी विरोधी चरित्र का परिचय दिया था।