छत्तीसगढ़

केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री कुमार ने की जनजातीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा

क्षेत्रीय विकास के लिए सुझाव-कार्ययोजना में प्रशासन का सहयोग करने कहा

मांगे और समस्याएं भी सुनीं







धमतरी,  नई दिल्ली से आए केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी  हृदयेश कुमार ने केरेगांव में स्थानीय जनजातीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत गांव-गांव मे हुए कामों की जानकारी ली। श्री कुमार ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए सभी जनजातीय जनप्रतिनिधियों को शासन-प्रशासन का भागीदार बनने और अपने गांव के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर सुझाव देने को भी कहा। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी ने जनजातीय प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को क्षेत्र के विकास के लिए बनाई जाने वाली कार्ययोजनाओं में यथासंभव शामिल किया जाएगा। उन्होंने इस दौरान नगरी, मगरलोड क्षेत्र के जनजातीय बाहुल्य गांवों की समस्याओं और मांगों को भी सुना। इस दौरान कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा और जिला पचायत की सीईओ भी मौजूद रही।
चर्चा के दौरान अनुसूचित जनजाति आदिवासी गोंड समाज के जिला अध्यक्ष  जीवराखन मरई ने बताया कि धरती आबा अभियान के लिए गांव-गांव में 5-5 युवाओं के मितान समूह समाज के द्वारा बनाए जा रहे हैं। इन समूहों में दो महिलाएं और तीन पुरूष सदस्य है। गांव-गांव में आधारभूत सर्वे किया जा रहा है और गांव की छोटी से छोटी जानकारी को सूचीबद्ध किया जा रहा है। गांव के संसाधनों के बारे में जानकारी ली जा रही है। इन सभी जानकारियों का उपयोग विकास योजनाएं बनाने में किया जाएगा। श्री मरई ने यह भी बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वनोपजों का संग्रहण होता है और पशुपालन से जनजातीय परिवारों की आमदनी बढ़ाने की अच्छी संभावनाएं हैं। केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी श्री कुमार ने जनजातीय जनप्रतिनिधियों को इसके लिए प्रशासन के साथ मिलकर विशेष कार्ययोजना बनाने और प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
जनपद अध्यक्ष नगरी  महेश गोटा, उपाध्यक्ष  हृदय साहू और सदस्य श्रीमती ईश्वरी नेताम ने क्षेत्र के सभी गांवां को धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान मे जोड़ने की मांग की, जिसपर भी कुमार ने बताया कि अधिकांश जनजातीय बाहुल्य गांवों को इस अभियान से जोड़ा जा चुका है। गांवों में आधारभूत सर्वे का काम तेजी से किया जा रहा है। योजना के मापदण्ड अनुसार छुट गए गांवों को भी शामिल किया जाएगा। इस अवसर पर केरेगांव के सरपंच  अकबर मण्डावी, डोकाल की सरपंच श्रीमती प्रियंका उईके, सियारीनाला की सरपंच श्रीमती सुगोन नेताम, बगरूमनाला की सरपंच श्रीमती राजेश्वरी कावड़े, कुम्हड़ा के सरपंच  गोकुल नेताम, चनागांव की सरपंच श्रीमती लोकेश्वरी सोरी, भोथापारा के सरपंच संतोष कुंजाम सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के उप सरपंच, पंच भी मौजूद रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button