छत्तीसगढ़

धमतरी को मिली बड़ी सौगात: सैनिक स्कूल की स्वीकृति पर भाजपा पार्षदों ने महापौर का जताया आभार


धमतरी(प्रखर)धमतरी में सैनिक स्कूल खोलने की स्वीकृति मिलने पर भाजपा पार्षदों ने महापौर से सौजन्य मुलाकात कर हर्ष व्यक्त किया और पार्षद दल की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया गया।
पार्षदों ने कहा कि महापौर के सतत प्रयासों, राज्य शासन के सकारात्मक सहयोग तथा मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण सफलता संभव हो सकी है। सैनिक स्कूल की स्थापना से धमतरी जिले सहित पूरे अंचल के विद्यार्थियों को सेना में जाने के लिए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल खुलने से क्षेत्र के युवाओं में देश सेवा की भावना और अधिक प्रबल होगी। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, अनुशासन और प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। इससे न केवल धमतरी की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि यहां के विद्यार्थियों का भविष्य भी उज्ज्वल बनेगा।
पार्षदों ने इसे वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति बताते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर पार्षदों ने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा सैनिक स्कूल की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री और राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान एमआईसी सदस्य अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, हिमानी साहू, पार्षद मेघराज ठाकुर, अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, हेमंत बंजारे, ईश्वर सोनकर एवं संजय देवांगन उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Back to top button