जग्गी हत्याकांड : हाईकोर्ट से अमित जोगी को एक दिन की राहत, कल फाइनल हियरिंग

जग्गी हत्याकांड : हाईकोर्ट से अमित जोगी को एक दिन की राहत, कल फाइनल हियरिंग
बिलासपुर। जग्गी हत्याकांड मामले में बुधवार की सुबह हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अमित जोगी को एक दिन की राहत मिली है। इस मामले में आरोपी अमित जोगी की तरफ से उपस्थित वकील ने कोर्ट से समय मांगा था। कोर्ट ने उन्हें केवल एक दिन का समय देते हुए गुरुवार 2 अप्रैल को फाइनल हियरिंग करना तय किया है।
उल्लेखनीय है कि जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी निचली अदालत से दोष मुक्त हुए थे। वहीं मामले में सभी 27 अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इस फैसले के खिलाफ सीबीआई हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट गई थी। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई को इस मामले में हाईकोर्ट जाने के आदेश दिए थे। हाई कोर्ट में पिछले सप्ताह राम अवतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी का बयान लिया था और 1 अप्रैल को अमित जोगी को भी बयान के लिए हाई कोर्ट आने के आदेश दिए। अमित जोगी ने सोमवार को निचली अदालत में जमानत ली। अमित जोगी अपने अधिवक्ता के साथ दोपहर को न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा की कोर्ट में पहुंचे और 50-50 हजार रुपए के दो बॉन्ड और पट्टा कोर्ट में पेश किया। इसके बाद कोर्ट ने अमित जोगी को जमानत दी। अमित जोगी ने यह जमानत हाईकोर्ट में 1 अप्रैल को होने वाली सुनवाई के मद्देनजर ली थी। यदि हाईकोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा तो अमित जोगी के लिए यह बड़ी जीत होगी और यदि हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए उन्हें आरोपी करार दिया तो अमित जोगी को तत्काल जेल जाना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर कल की सुनवाई जोगी परिवार के लिए काफी अहम है।



