अमलतासपुरम से सिंचाई नहर तक बनेगी बीटी सड़क, 4.36 करोड़ के प्राक्कलन को तकनीकी मंजूरी

अमलतासपुरम–कलेक्ट्रेट–पॉलीटेक्निक मार्ग से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, शहर की यातायात व्यवस्था होगी सुगम
धमतरी। शहर के अधोसंरचना विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अमलतासपुरम कॉलोनी के सामने से भटगांव रोड, कलेक्ट्रेट रोड और पॉलीटेक्निक कॉलेज मार्ग होते हुए सिंचाई नहर तक बीटी सड़क निर्माण कार्य के लिए 436.46 लाख रुपये के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस सड़क निर्माण कार्य के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा और नागरिकों को सुगम, सुरक्षित तथा बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
नगर पालिक निगम द्वारा इस सड़क निर्माण के लिए पिछले वर्ष सितंबर माह में प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर आवश्यक परीक्षण के बाद तकनीकी स्वीकृति जारी कर दी गई है। जारी स्वीकृति के अनुसार निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
बताया गया है कि निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ नगर निगम अधिनियम 1956 और विभागीय मैन्युअल के प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा। कार्य को स्वीकृत ड्राइंग, डिज़ाइन और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के आधार पर ही पूरा किया जाएगा तथा बिना अनुमति प्राक्कलन में किसी भी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा।
यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ते हुए एक वैकल्पिक यातायात मार्ग के रूप में विकसित होगी, जिससे मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही नागरिकों के समय और ईंधन की भी बचत होगी। सड़क बनने से आसपास के क्षेत्रों में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वहीं कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शहर के सतत विकास के लिए मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़क अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। इस परियोजना के माध्यम से नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त कर कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि यह परियोजना धमतरी शहर के सुव्यवस्थित विस्तार और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



