भखारा में महिलाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण कार्यशाला 24 अप्रैल को

भखारा। नगर पंचायत भखारा क्षेत्र में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 24 अप्रैल को विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यशाला का आयोजन शुक्रवार 24 अप्रैल 2026 को दोपहर 11 बजे से वार्ड क्रमांक 15 स्थित खारुन नदी मंगल भवन में किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र धमतरी द्वारा किया जा रहा है।
कार्यशाला में खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी तथा इस क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। आयोजन समिति ने खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में रुचि रखने वाली सभी महिलाओं और स्व-सहायता समूहों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस शिविर का लाभ उठाएं।
नगर पंचायत भखारा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि इस कार्यशाला के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।



