30 दिन में 3000 किलोमीटर साइकिल यात्रा कर नशा मुक्ति का संदेश देने वाले तुलसीराम का सम्मान

धमतरी: समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो दूसरों से अलग हटकर समाजहित में कार्य करने का जज्बा रखते हैं। इसी जज्बे के साथ कुरूद ब्लॉक के ग्राम चर्रा निवासी 35 वर्षीय युवा तुलसीराम साहू ने नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और साइकिल से लगभग 30 दिनों में 3000 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर समाज को एक प्रेरणादायी संदेश दिया।
तुलसीराम साहू ने एक माह पूर्व नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक उद्देश्य को लेकर साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया। उनकी यह यात्रा न केवल युवाओं बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई।
यात्रा पूरी कर धमतरी लौटने पर शहर के अर्जुनी मोड़ में धर्म प्रेमी समाजसेवी पंडित राजेश शर्मा ने उनका स्वागत कर सम्मान किया और उनके इस साहसिक एवं प्रेरणादायी प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर पं. राजेश शर्मा ने कहा कि सेवा का कार्य जब समर्पण के साथ किया जाता है तो वह जन आंदोलन का रूप ले लेता है और समाज के लिए प्रेरणा बन जाता है।
उन्होंने कहा कि “सेवा परमो धर्म” की भावना आज भी समाज में जीवित है और तुलसीराम साहू जैसे युवा इसका सजीव उदाहरण हैं। नशा मुक्ति के लिए उनकी यह साइकिल यात्रा समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे युवाओं को नई दिशा मिलेगी।
पं. शर्मा ने आशा व्यक्त की कि तुलसीराम साहू द्वारा शुरू किया गया यह नशा मुक्ति अभियान आगे भी लोगों को प्रेरित करता रहेगा और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता की अलख जगाता रहेगा।



