भाजपा नेता के ठिकाने पर ईडी की दबिश, बड़े सराफा कारोबारी के घर और दुकान पर पहुंची टीम

दुर्ग। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस बार भाजपा नेता और अमर बिल्डर्स के संचालक चतुर्भुज राठी के दुर्ग स्थित महेश कॉलोनी निवास पर छापेमारी की है। चतुर्भुज राठी एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अमर इंफ्रा के संचालक हैं। हाल ही में उनके कोयला कारोबार में भी प्रवेश करने की चर्चा सामने आई है। अमर बिल्डर्स की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चतुर्भुज राठी ने वर्ष 1986 में एकल स्वामित्व के रूप में इस व्यवसाय की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कंपनी की मजबूत नींव रखी और अपने नेतृत्व में इसे निरंतर आगे बढ़ाया। उनके मार्गदर्शन में कंपनी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं, अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार किया और देशभर में विभिन्न बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम किया।
दुर्ग के बाद बिलासपुर में भी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने दबिश दी है। शहर के बड़े सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और दुकान पर सुबह से पहुंची ईडी की टीम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। विवेक अग्रवाल की मध्यनगरी चौक में श्रीराम ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी शॉप है। विवेक अग्रवाल के भाई विकास अग्रवाल को शराब घोटाले में आरोपी अनवर ढेबर का करीबी बताया जा रहा है। 2000 करोड़ के कथित घोटाले के सिंडिकेट का मेंबर विकास अग्रवाल फरारी काट रहा है।



