छत्तीसगढ़

नगर पंचायत भखारा की बड़ी कार्रवाई, 15.26 लाख के बकायादारों पर चला सीलिंग अभियान


भखारा। नगर पंचायत भखारा में राजस्व वसूली को लेकर सख्त कार्रवाई करते हुए लंबे समय से लीज एवं किराया राशि जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कदम उठाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया के निर्देश पर राजस्व एवं अतिक्रमण अमले ने पुलिस बल की उपस्थिति में कार्रवाई करते हुए दो दुकानों को सील कर दिया।
नगर पंचायत के अनुसार नवनीत सोन पर 11 लाख 76 हजार रुपये की लीज राशि बकाया थी, जबकि गेवेन्द कुमार साहू पर 3 लाख 50 हजार रुपये किराया बकाया था। दोनों को कई बार नोटिस देने के बावजूद राशि जमा नहीं की गई थी, जिसके बाद छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 के तहत दुकानों को सील किया गया।
हालांकि कार्रवाई के बाद गेवेन्द कुमार साहू ने आज शाम करीब 5 बजे अपना पूरा बकाया किराया 3 लाख 50 हजार रुपये नगर पंचायत में जमा कर दिया, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया नगर पंचायत प्रशासन द्वारा की जा रही है।
सीएमओ हरिकिशन पावरिया ने बताया कि नगर पंचायत के गठन के बाद यह पहली बार है जब इतनी बड़ी बकाया राशि को लेकर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने अन्य बकायादारों को भी चेतावनी दी है कि वे 7 दिनों के भीतर अपना पूरा बकाया जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सीलिंग, आवंटन निरस्तीकरण और नीलामी जैसी कार्रवाई की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button