छत्तीसगढ़

जनगणना के प्रथम चरण का महापौर रामू रोहरा ने किया निरीक्षण


घर-घर पहुंचकर ली व्यवस्थाओं की जानकारी, कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी-देशव्यापी जनगणना अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत नगर पालिक निगम क्षेत्र में चल रहे सर्वे कार्य का महापौर रामू रोहरा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर जनगणना कार्य की प्रगति, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं नागरिकों से प्राप्त जानकारी का जायजा लिया। महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, सावधानी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर रामू रोहरा ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का निर्धारण किया जाता है। इसलिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज की जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
उन्होंने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करना एक जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। कर्मचारियों को पूरी निष्ठा एवं धैर्य के साथ कार्य करना चाहिए और नागरिकों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखना चाहिए।
साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे जनगणना दल को सही जानकारी प्रदान कर इस राष्ट्रीय कार्य में अपना सहयोग दें।

महापौर ने निरीक्षण के दौरान यह भी देखा कि सर्वे कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो तथा प्रत्येक घर तक जनगणना टीम की पहुंच सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु मकान की गणना एवं मकान सूचीकरण का कार्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किया जा रहा है जिसकी सतत निगरानी राज्य के नोडल श्री दीपक कुशवाहा अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार मरकाम कर चार्ज अधिकारी श्री मयंक राठौर एवं जनगणना लिपिक श्री ‌‌साम‌‌र्थ रणसिह मौजूद थे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button