छत्तीसगढ़

गंदगी फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, 23 लोगों से 21,700 रुपये की चालानी वसूली

नगर निगम की चालानी कार्रवाई निरंतर जारी



नियमों का उल्लंघन करने पर एक डेयरी को किया गया सील

धमतरी-शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त प्रिया गोयल के निर्देश में निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान डेयरी संचालकों, कबाड़ सामग्री फैलाकर रखने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर विशेष निगरानी रखी गई।

नगर निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग वार्डों एवं मुख्य मार्गों का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 23 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 21 हजार 700 रुपये की चालानी वसूली की। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर डेयरी संचालकों द्वारा सड़क किनारे गंदगी फैलाना, अपशिष्ट सामग्री खुले में छोड़ना तथा नालियों को अवरुद्ध करने जैसी शिकायतें सामने आईं। बार-बार समझाइश देने के बावजूद सुधार नहीं होने पर निगम प्रशासन ने कैलाश ग्वाल/रामकृष्ण ग्वाल लाल बगीचा निवासी डेयरी को सील करने की कार्रवाई भी की। इस कार्रवाई के बाद अन्य व्यापारियों एवं डेयरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

इसके अलावा कुछ कबाड़ी व्यवसायियों द्वारा सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे कबाड़ सामग्री फैलाकर रखने से यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। निगम अमले ने ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान काटे तथा तत्काल सामग्री व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

स स्वास्थ अधिकारी शशांक मिश्रा ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। दुकानदारों एवं व्यवसायियों को भी अपने प्रतिष्ठान के आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा सड़क पर नहीं फेंकने एवं स्वच्छता नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।

नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता अभियान केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। आने वाले दिनों में भी निगम द्वारा नियमित निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button