छत्तीसगढ़

महावीर चौक भखारा में चाकूबाजी से युवक की हत्या, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी गिरफ्तार


पुराने लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट को लेकर हुआ विवाद, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश


धमतरी- जिले के भखारा नगर के महावीर चौक में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पुराने पैसों के लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट की बात को लेकर हुए विवाद में चाकू से हमला किए जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए सनसनी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संतोष निर्मलकर निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा ने थाना भखारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 मई 2026 की रात लगभग 9 बजे महावीर चौक भखारा में उसके पिता अन्नु निर्मलकर का आरोपी शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू तथा राहुल कंवर उर्फ राहुल दीवान के साथ पुराने लेन-देन और मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी शिवम साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नु निर्मलकर को परिजन और आसपास के लोगों की मदद से तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना भखारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में टीम गठित कर दबिश दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा हत्या जैसे गंभीर एवं संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए थे। निर्देश मिलते ही भखारा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस द्वारा फरार अन्य आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू, पिता स्व. रामकुमार दीवान, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04 भखारा, थाना भखारा जिला धमतरी

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button