छत्तीसगढ़

मुंगेली में अधजली हालत में मिले मृत मवेशी

मुंगेली में अधजली हालत में मिले मृत मवेशी

मुंगेली में नगर पालिका पर मृत गायों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के बजाय उन्हें कचरा डंपिंग स्थल पर फेंकने का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन मृत गायों के शव उस स्थान पर पाए गए, जहां नगर का कचरा डंप किया जाता है। कचरे में लगी आग के चलते कई शव अधजली अवस्था में मिले, जिन्हें पक्षियों द्वारा नोचते देखा गया। इस वीभत्स दृश्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है, जबकि गौसेवकों और गौप्रेमियों में भी गहरा आक्रोश व्याप्त है।

गौसेवा से जुड़े लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मृत गायों का सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए था। गौसेवकों के अनुसार पहले नगर पालिका द्वारा मृत मवेशियों को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दफनाया जाता था, लेकिन इस बार न केवल तय व्यवस्था की अनदेखी हुई, बल्कि संवेदनाओं को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने मांग की है कि नगर में कहीं भी किसी गाय की मृत्यु होने पर वैज्ञानिक और सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार सुनिश्चित किया जाए।

मामले को लेकर लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल नगर पालिका की प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करती हैं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।

जांच कर दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई : सीएमओ अंकुर पांडेय
इधर मुख्य नगर पालिका अधिकारी अंकुर पांडेय ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से कहा कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृत गायों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाएगा और इसके लिए आदेश भी जारी किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की बात कही। सीएमओ अंकुर पांडेय ने यह आशंका भी जताई कि कहीं यह घटना नगर पालिका को बदनाम करने की साजिश के तहत जानबूझकर तो नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस पहलू को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जाएगी। फिलहाल यह मामला नगर में चर्चा और आक्रोश का बड़ा विषय बना हुआ है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button