छत्तीसगढ़

स्वच्छता को लेकर नगर निगम सख्त : गंदगी फैलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई, डेयरी व कबाड़ी संचालकों सहित 17 लोगों पर 27,500 रुपये का जुर्माना



स्वच्छ शहर के संकल्प के साथ निगम की कार्रवाई तेज, जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

धमतरी/ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन अब स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पूरी गंभीरता के साथ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम की स्वच्छता टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर गंदगी फैलाने वाले डेयरी संचालकों, कबाड़ी व्यवसायियों एवं अन्य दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, नालियों में गंदगी डालने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 17 लोगों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 27,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। निगम की इस कार्रवाई से लापरवाह दुकानदारों एवं व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।


प्र.स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। विशेष रूप से डेयरी एवं कबाड़ी संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने तथा सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने के निर्देश दिए गए।

इसी दौरान नगर निगम की स्वच्छता टीम द्वारा छत्रपति शिवाजी चौक से हाउसिंग बोर्ड चौक तक व्यापक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घर एवं दुकानों का कचरा सड़क पर न फेंकने तथा निगम की कचरा वाहन में ही देने की अपील की गई।
अभियान के तहत विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी स्टीकर भी चिपकाए गए।

निगम कर्मचारियों ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरे को डस्टबिन में ही रखें, सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग करें तथा निगम के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि धमतरी को स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाया जा सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button