राजधानी में क्रिकेट का रोमांच, 10 और 13 मई को होगा आईपीएल का मुकाबला

राजधानी में क्रिकेट का रोमांच, 10 और 13 मई को होगा आईपीएल का मुकाबला
रायपुर। राजधानी का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आईपीएल के रोमांचक मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार है। 10 और 13 मई को होने वाले मैचों को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कलेक्टर गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचने वाले क्रिकेट प्रेमियों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त वॉलिंटियर्स तैनात किए जाएंगे, ताकि भीड़ प्रबंधन बेहतर ढंग से हो सके। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की गई है। आईपीएल के इन मुकाबलों को लेकर शहर में अभी से उत्साह का माहौल है और क्रिकेट फैंस बेसब्री से मैचों का इंतजार कर रहे हैं।
10 मई को आरसीबी और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। मैच से पहले मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी मैदान पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत और तैयारियों को देखकर फैंस में मुकाबले को लेकर उत्साह बढ़ गया है। आईपीएल के इस बड़े मुकाबले को लेकर राजधानी में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त माहौल बना हुआ है। स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमडऩे की संभावना है।



