छत्तीसगढ़

उड़ीसा के मंत्री नित्यानंद गौड़ का कर्णेश्वर धाम में आगमन, पूजा-अर्चना कर की खुशहाली की कामना


नगरी। उड़ीसा राज्य के आदिम जाति कल्याण मंत्री नित्यानंद गौड़ का नगरी स्थित प्रसिद्ध कर्णेश्वर महादेव मंदिर में आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। मंत्री के आगमन से मंदिर परिसर में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

मंत्री नित्यानंद गौड़ ने भगवान कर्णेश्वर महादेव के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा कर्णेश्वर धाम की आध्यात्मिक गरिमा को नमन किया।

इस दौरान उन्होंने कर्णेश्वर धाम की आध्यात्मिक एवं प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे पवित्र स्थलों का संरक्षण और विकास आवश्यक है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिले।

मंदिर परिसर में मंत्री ने ट्रस्ट के सदस्यों से मुलाकात कर यहां संचालित धार्मिक आयोजनों एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने उन्हें श्रावण मास एवं माघी पूर्णिमा मेले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता से अवगत कराया।

मंत्री ने कर्णेश्वर धाम की बढ़ती ख्याति एवं श्रद्धालुओं की अटूट आस्था की प्रशंसा करते हुए भविष्य में पुनः यहां आने की बात कही। साथ ही उन्होंने श्रावण मास एवं माघी पूर्णिमा मेले में शामिल होने का निमंत्रण भी स्वीकार किया।

मंत्री के आगमन से मंदिर ट्रस्ट एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष विकल गुप्ता, सचिव भरत निर्मलकर, कोशाध्यक्ष निकेश ठाकुर, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष ह्रदय साहू, हनी कश्यप, रवि भट्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button