छत्तीसगढ़

ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को धमतरी जिले की सभी दवा दुकानें रहेंगी बंद

धमतरी(प्रखर) जिला औषधि विक्रेता संघ द्वारा आज  कलेक्टर महोदय को ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में एक दिवसीय बंद का ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने बताया कि ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर जिले के समस्त दवा व्यवसायियों ने 20 मई 2026 को पूर्ण बंद रखने का निर्णय लिया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह बंद आम जनता, दवा व्यवसाय और मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। उनका कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी के बढ़ते प्रभाव से कई गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।
संघ के अनुसार प्रमुख समस्याओं में बिना योग्य फार्मासिस्ट की निगरानी दवाओं की बिक्री, नकली एवं एक्सपायरी दवाओं की आशंका, डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन का सही सत्यापन न होना, प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग की संभावना, मरीजों को उचित दवा परामर्श न मिलना तथा स्थानीय मेडिकल व्यवसाय और रोजगार पर विपरीत असर शामिल हैं।
इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर दवा नहीं मिल पाने और मरीजों की निजी स्वास्थ्य जानकारी के दुरुपयोग का खतरा भी बताया गया।
संघ ने कहा कि दवा केवल व्यापार नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसमें मरीज की सुरक्षा सर्वोपरि है।
संघ के सचिव सतराम वाशानी ने जिले के सभी दवा व्यवसायियों से 20 मई को होने वाले बंद को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग की अपील की है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button