असम में नई सरकार का गठन, हिमंता बिस्वा सरमा फिर बने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री सहित दिग्गजों की मौजूदगी में 4 मंत्रियों ने भी ली शपथ

असम में नई सरकार का गठन, हिमंता बिस्वा सरमा फिर बने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री सहित दिग्गजों की मौजूदगी में 4 मंत्रियों ने भी ली शपथ
दिसपुर। असम विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद आज हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राजधानी दिसपुर में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार अन्य नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने वाले नेताओं में रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं। इन नेताओं को नई सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। समारोह में एनडीए की सहयोगी पार्टियों के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य और ऐतिहासिक माना जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण विशेष रूप से उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा कई केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए। समारोह के दौरान पूरे परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
असम विधानसभा चुनाव में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने मिलकर बड़ी जीत दर्ज की, जिसके बाद हिमंता बिस्वा सरमा को एक बार फिर मुख्यमंत्री चुना गया। बीजेपी ने अकेले दम पर बड़ी संख्या में सीटें जीतकर राज्य में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने शपथ लेने के बाद कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देगी। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि असम की जनता ने विकास और स्थिरता के नाम पर एनडीए को जनादेश दिया है और सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी।
हिमंता ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि, प्यारे असमीयों, आपके प्यार, आशीर्वाद और विश्वास का समर्थन करते हुए, हम आज दूसरी बार माँ कामाख्या और महामानव श्रीमंत शंकरदेव गुरु को श्रद्धा सुमन अर्पित करने जा रहे हैं। पूर्व में भी जिस तरह से आपने निरंतर स्नेह और सहयोग के साथ हमारे कर्तव्यों का सुचारू रूप से निर्वहन करने में सहायक भूमिका निभाई है। आप सभी का स्नेह मुझे इसी तरह मिलता रहे ऐसी गहरी और नम्र आशा है। यह मेरे लिए सौभाग्यशाली समय है कि मैं असमिया माता की सेवा कर सकूँ। नए कार्यों को देखने के दौरान हमने एक नए और विकसित असम के निर्माण का संकल्प लिया था, इस बार हम उन कार्यों को पूरा करने के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे और अपने राज्य को देश के शीर्ष 5 राज्यों में से एक बनाने के लिए नए वांछित कदम उठाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के प्रधान सेवक के रूप में शपथ लेने के इस यादगार क्षण पर मैं सभी एनडीए कार्यकर्ताओं का भी हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने बार-बार चुनाव के माध्यम से ऐतिहासिक जनादेश दिया है। भारत माता की जय, जय माँ असम !
बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।



