छत्तीसगढ़
दुर्ग में 20 से 25 हमलावरों ने की युवक की हत्या, भाई और चाचा की हालत नाजुक

दुर्ग में 20 से 25 हमलावरों ने की युवक की हत्या, भाई और चाचा की हालत नाजुक
दुर्ग। शहर के राजीव नगर क्षेत्र में बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके परिजनों पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
यह है पूरा मामला :
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर में केजू राइस मिल के पास रात करीब 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद अपने घर के पास टहल रहा था, तभी घात लगाए बैठे 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी और सब्बल से हमला कर जितेश ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं शोर सुनकर जब उसके बड़े भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर बीच-बचाव करने पहुंचेतो हमलावरों ने उन पर भी सब्बल, लाठी और चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर अवस्था में रायपुर और दुर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है।



